उदयपुर। हिरणमगरी थाना पुलिस ने बुधवार को दो शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कमलेश और भंवर की गिरफ्तारी के बाद इनसे पूछताछ की तो दोनों ने डेढ़ दर्जन वारदातें करना कबूल किया है। इनमें नकबजनी ओर चोरी की बड़ी वारदातें भी शामिल हैं।
दोनो की गिरफ्तारी के बाद डिप्टी भगवत सिंह हिंगड ने बताया कि कमलेश और भंवर के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। हिरणमगरी थाना क्षेत्र में नकबजनी की बड़ी वारदातें होने के बाद पुलिस को इन दोनों की काफी समय से तलाश थी। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया और दोनों की तफ्तीश शुरू की। दोनों की गिरफ्तारी के बाद डिप्टी ने बताया कि ये दोनों वारदात करने के बाद कैश से अय्याशी और शराब पीने का काम करते थे। चुराए हुए जेवर बेच दिए। अब पुलिस जेवर खरीदने वालों को तलाश कर रही है।