Two innocent sisters died due to drowning: One tried to save them, but fate did not agree-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:28 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दो मासूम बहनों की डूबने से मौत : एक ने बचाने की कोशिश की, लेकिन किस्मत नहीं मानी

khaskhabar.com: शुक्रवार, 18 जुलाई 2025 3:33 PM (IST)
दो मासूम बहनों की डूबने से मौत : एक ने बचाने की कोशिश की, लेकिन किस्मत नहीं मानी
बीकानेर। बारिश की पहली फुहार बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाती है, लेकिन बीकानेर के कोलायत में यह बारिश दो मासूम ज़िंदगियों के लिए काल बन गई। गांव के पास बने बरसाती पानी के गड्ढे में नहाते वक्त पैर फिसलने से दो बहनों की डूबकर मौत हो गई। तीसरी बहन ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, मगर वो असहाय थी... और उसकी आंखों के सामने उसकी दोनों बहनें पानी में समा गईं। चक कन्या बंधा निवासी भंवरदान चारण की तीन बेटियां गुरुवार शाम गांव के पास बरसात के पानी में खेल रही थीं। बरसात के बाद हरियाली से सराबोर खेतों और पानी से लबालब गड्ढे ने बच्चों को अपनी ओर आकर्षित किया, लेकिन ये खेल जानलेवा साबित हुआ। 9 साल की सरला और 6 साल की अवनी खेलते-खेलते एक गहरे गड्ढे में जा फिसलीं। तीसरी बहन ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई ने उसका साथ नहीं दिया। वो दौड़कर गांव वालों को बुलाने भागी।
जब तक निकाले, तब तक बहुत देर हो चुकी थी
गांव के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसे थम चुकी थीं। अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद दोनों मासूमों का अंतिम संस्कार हुआ। कोलायत हॉस्पिटल के बाहर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
प्रशासनिक अमला और जनप्रतिनिधि पहुंचे मौके पर
जैसे ही हादसे की खबर फैली, तहसीलदार पूनम कंवर, जिला परिषद सदस्य मोहनदान चारण, मंडल सरपंच प्रतिनिधि शिव मेघवाल सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। मौके का जायज़ा लिया गया और मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
भाटी परिवार ने जताया शोक
पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी ने घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस से बात की और संवेदना प्रकट की। विधायक अंशुमान सिंह भाटी और पूर्व प्रधान जयवीर सिंह भाटी ने भी परिवार से मुलाकात कर गहरा दुख जताया। प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने की अपील की गई है।
गहराई सिर्फ पानी की नहीं थी, दर्द की भी थी...
इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार को तोड़ दिया, बल्कि पूरे गांव को सन्न कर दिया। सवाल यही है—क्या गांवों में ऐसे बरसाती गड्ढों को चिन्हित कर सुरक्षा इंतज़ाम नहीं किए जाने चाहिए? क्या मासूम जिंदगियां ऐसे ही हर साल बहती रहेंगी?
बरसात केवल पानी नहीं लाती, वो कभी-कभी आंसुओं की बाढ़ भी साथ लाती है...

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement