अजमेर। आज देश के लिए ख़ुशी का मौका है, जब तीस साल के इतिहास में भारत ने पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया है। पाकिस्तान के तैयार किए गए आतंकियों ने इस दौरान भारत के कई जवानों को शहीद किया है, लेकिन अब पाकिस्तान ने हद पार कर दी है।
यह कहना है पूर्व मेजर जरनल और रक्षा विशेषज्ञ जी डी बख्शी का। अजमेर में एक संगोष्ठी में आए जरनल बख्शी ने मीडिया से कहा कि हम पाकिस्तान को पानी दें और वो हमारे जवानों का खून बहाए, यह स्वीकार नहीं किया जा सकता। उरी हमले के बाद 19 सैनिकों की शहादत से पूरा देश गमगीन था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की धरती पर घुसकर जिस तरह से पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया गया है, उसने एक नए दौर की शुरुआत की है। यह दौर बचाव का नहीं, आक्रामकता का है।
जरनल बख्शी ने भारतीय सेना द्वारा की गई इस कार्रवाई पर पाकिस्तान के जवाब का इंतजार करने की बात कही है। उनका कहना है कि पाकिस्तान के रवैये की देखना जरूरी है। उनके अनुसार हमें जो करना था हमने किया, अब यदि पकिस्तान जवाब देता है तो बात आगे बढ़ेगी और फिर किसी भी सीमा तक जा सकती है।