There will be no change in OPS, governments stand is clear: Mukesh Agnihotri-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ओपीएस में नहीं होगा कोई बदलाव, सरकार का स्पष्ट स्टैंड : मुकेश अग्निहोत्री

khaskhabar.com: सोमवार, 10 अगस्त 2026 5:34 PM (IST)
ओपीएस में नहीं होगा कोई बदलाव, सरकार का स्पष्ट स्टैंड : मुकेश अग्निहोत्री
पालमपुर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ओपीएस में किसी भी स्तर पर कोई बदलाव नहीं करेगी। कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की है और सरकार अपने इस फैसले पर पूरी तरह कायम है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के एजेंडे को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और विकास कार्यों का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज पालमपुर में 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने इलेक्ट्रिक बस में सफर भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों को बड़े स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 297 इलेक्ट्रिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की जा चुकी हैं और इन्हें निर्धारित रूटों पर चलाया जाएगा। जहां-जहां चार्जिंग स्टेशन स्थापित हो चुके हैं, वहां इन बसों का संचालन किया जा रहा है। आने वाले समय में 1,000 और इलेक्ट्रिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि डीजल बसों की खरीद अब मुख्य रूप से लंबे रूटों के लिए 47 सीटर बसों तक सीमित रखी जाएगी। वहीं, करीब 300 पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से एचआरटीसी के बेड़े से हटाया जाएगा। 15 साल की अवधि या 9 लाख किलोमीटर का सफर पूरा कर चुकी बसों को हटाकर उनके स्थान पर नई बसें शामिल की जाएंगी।
प्रदेश में तैयार हो रहा चार्जिंग नेटवर्कः
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए पूरे प्रदेश में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। कांगड़ा जिला में धर्मशाला, नगरोटा, जसूर, देहरा, पालमपुर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि जयसिंहपुर में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। धर्मशाला, देहरा और नगरोटा को इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं।
मेडिकल कॉलेजों और धार्मिक स्थानों के लिए नई इलेक्ट्रिक बसेंः
उन्होंने कहा कि पीजीआई, एम्स बिलासपुर, आईजीएमसी शिमला सहित मेडिकल कॉलेजों और प्रमुख धार्मिक स्थानों के लिए नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे लोगों को उपचार के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा धार्मिक स्थलों तक बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
पालमपुर में लोगों की समस्याएं सुनींः
उप मुख्यमंत्री ने पालमपुर में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मुकेश अग्निहोत्री ने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आयुष, खेल एवं विधि मंत्री यादविंदर गोमा, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल तथा सुलह विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक जगजीवन पाल एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोक चंद, अध्यक्षा राधा सूद, उपाध्यक्ष नीलम मलिक नगर निगम पालमपुर की आयुक्त नेत्रा मेती,, मुख्य अभियंता जल शक्ति दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विशाल जसवाल, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, एसडीएम ओपी यादव, आरएम एचआरटीसी नितेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement