उदयपुर। रूड़की से आई विशेषज्ञों की टीम ने सोमवार को फतहसागर की पाल पर बन रहे विभूति पार्क का निरीक्षण किया। विभूति पार्क में मूर्तियां लगाना प्रस्तावित है। इसे लेकर पाल को खोदा भी जा रहा है और इसके चलते सुधिजनों ने पाल को खतरा होने की आशंका जताई थी। इन्हीं आशंकाओं के निराकरण के लिए रूड़की से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है। रविवार को बारिश के कारण निरीक्षण नहीं हो सका। जिसके बाद टीम ने सोमवार को तकनीकी निरीक्षण किया। इस टीम की रिपोर्ट पर ही पता चलेगा कि पाल को कितना खतरा है। फिलहाल टीम के सदस्यों ने कहा है कि वे पूरी रिपोर्ट के बाद ही बता पाएंगे कि पाल सुरक्षित रह सकेगी या नहीं। हम आपको बता दें कि विभूति पार्क में मूर्तियां लगाने के लिए जल संसाधन से अनुमति लिए बिना नगर निगम ने पाल को खोद दिया। जिसे लेकर झील प्रेमियों ने आपत्ति दर्ज कराई और परिवाद पर जोधपुर हाईकोर्ट ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।