धौलपुर। जिले के बसेड़ी उपखंड में तहसील स्थानांतरण के विरोध में शनिवार को दूसरे दिन भी बसेड़ी के सभी बाजार बंद रहे। बसेड़ी के लोगों ने नागरिक विकास समिति के बैनर तले काले झंडे लेकर जूलूस निकाल सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए लोगों ने बताया कि तहसील का स्थानांतरण प्रशासन द्वारा अपनी मनमर्जी से किया जा रहा है और ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। सरकार बसेड़ी क्षेत्र की जनता के साथ तानाशाही रवैया अपना रही है, जिसे क्षेत्र की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ी तो जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा। लोगों ने कहा कि अगर हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो बाजारों को अनिश्चितकाल के लिए बंद रखा जाएगा।