The child will be like the values ​​they receive during pregnancy - Kumudlataji M.S.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:27 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गर्भकाल में जैसे संस्कार प्राप्त होंगे वैसी ही बनेगी संतान-कुमुदलताजी म.सा.

khaskhabar.com: बुधवार, 29 अक्टूबर 2025 6:43 PM (IST)
गर्भकाल में जैसे संस्कार प्राप्त होंगे वैसी ही बनेगी संतान-कुमुदलताजी म.सा.
भीलवाड़ा। संतान को गर्भकाल में जैसे संस्कार प्राप्त होंगे जन्म लेने के बाद उसका वैसा ही आचरण होगा। मां को चाहिए कि गर्भकाल में सद्संस्कार देने वाले माहौल में रहे ओर आचरण धर्ममय रखे तो संतान भी योग्य व धर्मात्मा होगी। भगवान महावीर से लेकर जैन दिवाकर चौथमलजी म.सा. तक का जीवन देखे तो पता चलेगा कि मां को स्वप्न देख संतान के जन्म से पूर्व ही अहसास हो जाता है कि वह कैसी होने वाली है। ये विचार श्रमण संघीय जैन दिवाकरीय मालव सिंहनी पूज्या श्री कमलावतीजी म.सा. की सुशिष्या अनुष्ठान आराधिका ज्योतिष चन्द्रिका महासाध्वी डॉ. कुमुदलताजी म.सा. ने आध्यात्मिक चातुर्मास आयोजन समिति द्वारा सुभाषनगर श्रीसंघ के तत्वावधान में दिवाकर कमला दरबार में बुधवार को चातुर्मासिक प्रवचन में व्यक्त किए। उन्होंने पूज्य गुरूदेव चौथमलजी म.सा. की जन्म जयंति आगमन से पूर्व उनके गुणों का स्मरण करते हुए कहा कि ऐसे महापुरूष बनना मुश्किल है पर उनके गुणों का कुछ अंश भी हम अपने जीवन में उतार ले तो जिंदगी सफल हो सकती है। उन्होंने चौथमलजी म.सा. के जीवन की चर्चा करते हुए कहा कि उनका जन्म नीमच की पावन धरा पर पिता गंगाराम के घर माता केशरदेवी की कुक्षी से हुआ। उनके जन्म से पूर्व ही स्वप्न में सिंह को देख मां ओर पिता को अहसास हो गया था कि उनके घर कोई महान आत्मा जन्म लेने वाली है। उन्होंने राजा श्रेणिक के प्रसंग की चर्चा करते हुए कहा कि उसके पुत्र कोणिक के जन्म लेने से पूर्व ही मां को स्वप्न देख पता चला गया था कि ऐसी संतान जन्म लेने वाली है जो अपने पिता को ही कष्ट देंगी। हमारी संतान योग्य व संस्कारवान हो इसके लिए जरूरी है कि माता गर्भवती होने पर धार्मिक व सद्विचारों से ओतप्रोत जीवन बिताए। पीढ़ियों के लिए संपति जमा करने की सोच रखने की बजाय जो संपति है उसका मानव सेवा व दान में उपयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि चातुर्मास में हर गुरूवार को होने वाली साप्ताहिक अनुष्ठान आराधना के तहत अंतिम आराधना गुरूवार को सुबह 8.45 बजे से होगी। इस दौरान पूज्य गुरूदेव चौथमलजी म.सा. की स्तुति में ‘‘पूज्यनीय गुरूदेव मुनींद जैन दिवाकर करो आनंद’’ मंत्र की आराधना की जाएगी। इस आराधना से पूर्व भगवान पार्श्वनाथ की स्तुति में जाप किया जाएगा। धर्मसभा में महाप्रज्ञाजी म.सा. ने प्रेरणादायी भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल भक्तिमय बना दिया। वास्तुशिल्पी पद्मकीर्तिजी म.सा. ने शुरू में दिवाकर चालीसा का पाठ कराया। विद्याभिलाषी राजकीर्तिजी म.सा. का भी सानिध्य प्राप्त हुआ। धर्मसभा में अतिथियों का स्वागत आध्यात्मिक चातुर्मास आयोजन समिति एवं सुभाषनगर श्रीसंघ के पदाधिकारियों ने किया। संचालन चातुर्मास समिति के सचिव राजेन्द्र सुराना ने किया।
चातुर्मास में हर शुक्रवार को होने वाले पद्मावति एकासन आराधना का उद्यापन समारोह 31 अक्टूबर को आरसी व्यास कॉलोनी में गेट न.33 के पास स्कूल के नजदीक ग्राउण्ड में आयोजित होगा। सुबह 8.15 बजे से होने वाले उद्यापन समारोह में वह ही आराधक शामिल हो सकेंगे जिन्होंने चातुर्मास में 16 शुक्रवार को पद्मावती एकासन की आराधना की। मात्र आराधक को ही इसमें शामिल होने की अनुमति होगी।
‘‘एक शाम दिवाकर कमला’’ के नाम" भजन संध्या कल
जगत वल्लभ प्रसिद्ध वक्ता जैन दिवाकर श्री चौथमलजी म.सा. की जन्म जयंति एवं मालव सिंहनी पूज्य सद्गुरूवर्या कमलावतजी म.सा. की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में अनुष्ठान आराधिका महासाध्वी डॉ. कुमुदलताजी म.सा. आदि ठाणा के सानिध्य में सुभाषनगर स्थानक में श्री जैन दिवाकर महिला मण्डल भीलवाड़ा द्वारा 31 अक्टूबर शाम 7 बजे से भजन संध्या ‘‘एक शाम दिवाकर कमला के नाम’’ का आयोजन किया जाएगा। आध्यात्मिक चातुर्मास आयोजन समिति, सुभाषनगर श्रीसंघ एवं श्री जैन दिवाकर चरण साधना संस्थान के सहयोग से होने वाले आयोजन में कुचामन सिटी के मशहूर भजन गायक गौरव जैन एवं टीम गुरू दिवाकर एवं गुरूणी कमला की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की रसधारा प्रवाहित करेंगे। जैन दिवाकर जयंति का मुख्य समारोह 2 नवम्बर को मनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement