Mock Drill Conducted at Saras Dairy to Test Preparedness for Emergencies Like Fires Caused by Air Strikes-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 7:28 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

एयर स्ट्राइक से आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए सरस डेयरी में हुआ मॉक ड्रिल अभ्यास

khaskhabar.com: सोमवार, 23 नवम्बर 2026 3:44 PM (IST)
एयर स्ट्राइक से आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए सरस डेयरी में हुआ मॉक ड्रिल अभ्यास
*सूचना मिलने पर त्वरित जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ एवं मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा* *घायलों का रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का किया अभ्यास* भीलवाड़ा। जिले में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से नागरिक सुरक्षा विभाग जयपुर व जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार सोमवार को भीलवाड़ा शहर के अजमेर रोड स्थित सरस डेयरी परिसर में एयर स्ट्राइक से आग लगने जैसे मॉडल पर आधारित मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान एयर स्ट्राइक जैसी आपात स्थिति उत्पन्न होने की सूचना प्राप्त होते ही जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं पुलिस के आला अधिकारी, एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम तथा मेडिकल टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्यों की जिम्मेदारी संभाली।
जानकारी के अनुसार, डेयरी परिसर में आपातकालीन सायरन बजते ही ब्लैकआउट प्रोटोकॉल के तहत एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद प्रशासन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा दल और अग्निशमन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला और कम समय में मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव तथा आग बुझाने का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के तहत एयर स्ट्राइक से उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों, घटनास्थल पर प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित निकालने, घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा आपात स्थिति को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने की कार्ययोजना के अनुरूप कार्रवाई की गई। एसडीआरएफ की टीम द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित कर प्रभावित एवं घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
वही मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया तथा उनकी स्थिति के अनुसार बेहतर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं बचाव कार्यों के समन्वय को सुनिश्चित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान, संसाधनों के उपयोग तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को भी परखा गया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन डॉ सुश्री हरितिमा ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य एयर स्ट्राइक जैसी आकस्मिक एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, चिकित्सा विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों की तत्परता, कार्यक्षमता और आपसी समन्वय का आकलन करना रहा।
एडीएम सिटी श्रीमती प्रतिभा देवटिया व उपखंड अधिकारी श्री प्रमोद सिरवी ने कहा कि इस अभ्यास के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि किसी भी वास्तविक आपातकालीन परिस्थिति में बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें तथा प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश आर्य, उपखंड अधिकारी श्री प्रमोद सिरवी सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी, मेडिकल टीम, बचाव दल, एसडीआरएफ व नागरिक सुरक्षा दल के सदस्य सहित अन्य मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement