The Central Government has approved central assistance of 537 crore under Jal Jeevan Mission 2.0.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जल जीवन मिशन 2.0 के तहत केंद्र सरकार ने 537 करोड़ की केंद्रीय सहायता स्वीकृत की

khaskhabar.com: शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 7:30 PM (IST)
जल जीवन मिशन 2.0 के तहत केंद्र सरकार ने 537 करोड़ की केंद्रीय सहायता स्वीकृत की
जयपुर, । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री शर्मा की प्रभावी पैरवी एवं निरंतर समन्वय के परिणामस्वरूप भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय ने जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राजस्थान को ₹537 करोड़ रुपए से अधिक की केंद्रीय सहायता स्वीकृत की है। यह राशि जल जीवन मिशन के प्रथम चरण की समाप्ति एवं जल जीवन मिशन 2.0 के प्रारंभ के मध्य की अंतरिम अवधि में राज्य सरकार द्वारा अपने संसाधनों से किए गए अतिरिक्त व्यय की केंद्रीय हिस्सेदारी की प्रतिपूर्ति के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। इससे प्रदेश में ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी तथा 'हर घर जल' के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। हर घर जल अभियान को मिलेगा नया संबल

जल जीवन मिशन के मिशन निदेशक राजन विशाल ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह सहायता प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों तक सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस वित्तीय सहयोग से जलापूर्ति योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक गति से होगा तथा ग्रामीण पेयजल अवसंरचना को मजबूती मिलेगी।
सामान्य, अनुसूचित जाति एवं जनजाति क्षेत्रों के लिए पृथक प्रावधान
भारत सरकार की स्वीकृति के अनुसार ₹537.70 करोड़ की सहायता राशि में सामान्य क्षेत्र के लिए ₹307.45 करोड़, अनुसूचित जाति घटक के लिए ₹177.73 करोड़ तथा अनुसूचित जनजाति घटक के लिए ₹52.52 करोड़ का प्रावधान किया गया है। यह संपूर्ण राशि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं पर किए गए व्यय की प्रतिपूर्ति के रूप में प्राप्त होगी।
जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन में राजस्थान ने बनाया नया कीर्तिमान
मिशन निदेशक ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 के बाद राज्य सरकार ने जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्रदेश में भौतिक रूप से पूर्ण 3,241 योजनाओं में से 2,520 योजनाओं का अंतिम रूप से शीघ्र ही चरणवद्ध तरीके से 'जल अर्पण' किया जाएगा।
इसी क्रम में लगभग ₹713 करोड़ मूल्य के ऐसे वाउचर्स की पहचान कर राष्ट्रीय जल जीवन मिशन को प्रविष्टि हेतु भेजा गया है, जो पूर्व में संबंधित पोर्टलों पर प्रदर्शित नहीं हो रहे थे। साथ ही 3,346 योजनाओं के एकमुश्त निपटान (OTS) के लिए ₹537 करोड़ की केंद्रीय स्वीकृति प्राप्त हुई है तथा 3,864 योजनाओं को सफलतापूर्वक संबंधित मॉड्यूल पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है।
'हर घर जल' लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ता राजस्थान
प्रदेश में अब तक 2,212 से अधिक गांवों को 'हर घर जल' प्रमाणित किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि पिछले मात्र दो माह में ही लगभग 705 नए प्रमाण-पत्र प्राप्त हुए हैं, जो मिशन की तीव्र प्रगति को दर्शाते हैं। इसके अतिरिक्त 93 प्रतिशत योजनाओं के लिए सुजलम भारत आईडी तैयार की जा चुकी है तथा शेष योजनाओं के लिए राष्ट्रीय जल जीवन मिशन को अनुरोध भेजा गया है। शहरी क्षेत्रों को छोड़कर सभी ग्राम पंचायतों एवं गांवों में 100 प्रतिशत जल सेवा आंकलन का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं प्रदेश के 40 में से 35 जिलों की जिला सुधार योजनाएं तैयार कर ली गई हैं तथा शेष योजनाएं 31 जुलाई, 2026 तक तैयार कर ली जाएंगी।
डिजिटल मॉनिटरिंग से बढ़ेगी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता
राजन विशाल ने बताया कि जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत सभी परिसंपत्तियों की सुजलम भारत प्लेटफॉर्म पर जियो-टैगिंग सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सुजलम एप्लीकेशन के प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग मॉड्यूल पर योजनाओं की प्रगति का नियमित अद्यतन किया जाएगा। इससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होगी।

दिसंबर 2028 तक बढ़ी मिशन की अवधि

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने जल जीवन मिशन की अवधि दिसंबर 2028 तक बढ़ा दी है। केंद्र एवं राज्य सरकार की 50:50 भागीदारी से संचालित यह महत्वाकांक्षी योजना प्रदेश के प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल के माध्यम से सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है।

ग्रामीण पेयजल अवसंरचना को मिलेगा नया विस्तार

केंद्र सरकार से प्राप्त ₹537 करोड़ की यह सहायता जल जीवन मिशन 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति प्रदान करेगी। इससे ग्रामीण पेयजल अवसंरचना और अधिक सुदृढ़ होगी, लंबित एवं प्रगतिरत जलापूर्ति परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा तथा प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के संकल्प को नई मजबूती मिलेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement