मेले में आम लोगों की हर सुविधा का होगा ख्याल: ठाकुर
khaskhabar.com: गुरुवार, 16 मार्च 2017 5:51 PM (IST)
बिलासपुर। बिलासपुर के उपायुक्त ऋग्वेद मिलिंद ठाकुर ने कहा है कि बिलासपुर के राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में आम लोगों को हर संभव सुविधाएं देने का प्रयास जिला प्रशासन कर रहा है और हर उस बात का ख्याल रखा जा रहा है जो फेसबुक के माध्यम से लोगों के सुझाव आए थे तथा मेले के आयोजन के लिए गठित की गई विभिन्न उप समितियों ने दिए थे। उपायुक्त बचत भवन में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मेला स्थली का दौरा करने के बाद उन्होंने नगर परिषद को वहां पर और अधिक चल-शौचालय लगाने के निर्देश दिए हैं ताकि लोगों को सुविधा रहे। पीने के पानी के लिए 40 नल और उनमें सप्लाई के लिए अस्थाई तौर पर चार बड़े पानी के टैंक भी वहां पर रखवाए गए हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों को जनता की फरमाइश पर बुलाया गया है और हिमाचल के 60 प्रतिशत कलाकारों को मौका दिया गया है।
रात्रि कार्यक्रमों में नाचने वालों के लिए अलग से एनक्लोजर बनाया गया है। नलवाड़ी मेले में इस बार पहली बार एथेलेटिक्स प्रतियोगिता को शामिल किया गया है और इसके साथ ही बालीबाल, कबडडी तथा हैंडबाल के मुकाबले भी हो रहे हैं जिनमें विजेताओं को नगद इनाम रखे गए हैं। यह मुकाबले 18 से 20 मार्च के मध्य होंगे। विकासात्मक गतिविधियों को दर्शाने के लिए 32 स्टाॅल लगाए गए हैं जहां पर विभिन्न विभाग और स्वयंसेवी संस्थाएं अपना स्टाॅल लगाएंगी। पशुओं के लिए चारे और पानी का व्यापक प्रबंध है। विजेता पशुओं के मालिकों को भी इनाम दिए जा रहे हैं। उन्होने बताया कि 18 मार्च से 20 मार्च तक दिन में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जिनमं जिले के महिला मंडल व कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं जबकि रात के कार्यकम 20 मार्च से 23 मार्च तक होंगे जिनके कलाकार भी फाइनल कर लिए गए हैं।
23 मार्च को मेले का समापन मुख्समंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे और उसी दिन कुश्ती के विजेताओं को भी पारिताषिक दिए जाएंगे व स्मारिका का विमोचन भी होगा। मेले की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस के 300 जवान और होमगार्ड के 120 जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा क्विक एक्शन टीम के जवान और कुछ सादे कपड़ों मे भी जवान तैनात किए गए हैं जो मेले की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगे। इस पत्रकार वार्ता में एडीएम विनय कुमार, एसपी राहुल नाथ, एसडीएम डा. हरीष गज्जु, जीएम डीआईसी जीसी चौहान, जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल, डीपीआरओ अमीन चिश्ती सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।