Sunni Waqf Board accepts 5 acre plot in Ayodhya-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सुन्नी वक्फ बोर्ड ने अयोध्या में 5 एकड़ जमीन लेने का फैसला लिया

khaskhabar.com: सोमवार, 24 फ़रवरी 2020 6:44 PM (IST)
सुन्नी वक्फ बोर्ड ने अयोध्या में 5 एकड़ जमीन लेने का फैसला लिया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सुन्नी वक्फ बोर्ड ने अयोध्या में पांच एकड़ जमीन लेने का फैसला लिया है। सोमवार को लखनऊ में हुई बोर्ड की बैठक में अयोध्या में जमीन लेने का फैसला किया गया है। बोर्ड के अध्यक्ष जुफर अहमद फारुकी ने कहा, "पांच एकड़ भूमि के लिए ट्रस्ट बनेगा। ट्रस्ट भूमि पर मस्जिद निर्माण के साथ एक ऐसा केंद्र स्थापित करेगा, जो कई सदियों की इंडो-इस्लामिक सभ्यता को प्रदर्शित करेगा। साथ ही भारतीय व इस्लामिक सभ्यता के अन्वेषण व अध्ययन के लिए एक केंद्र की भी स्थापना की जाएगी। इसके अलावा एक चैरिटेबल अस्पताल, पब्लिक लाइब्रेरी व समाज के हर वर्ग की उपयोगिता की अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। ट्रस्ट व उसके पदाधिकारियों से संबंधित संपूर्ण विवरण की घोषणा प्रस्तावित ट्रस्ट के गठन के उपरांत की जाएगी।" उन्होंने बताया कि जल्द ही अयोध्या में मस्जिद सहित अन्य गतिविधियों के निर्माण के लिए ट्रस्ट गठित किया जाएगा, जहां मस्जिद सहित अन्य निर्माण कार्य ट्रस्ट अपने संसाधनों से करेगा। यह ट्रस्ट समाज से मदद भी लेगा। सुन्नी वक्फ बोर्ड इसके लिए एक भी पैसा खर्च नहीं करेगा। यहां बनने वाली मस्जिद का नाम क्या होगा, यह बाद में तय किया जाएगा। इससे पहले उत्तर प्रदेश सुन्नी वक्फ बोर्ड की सोमवार को लखनऊ में हुई बैठक में शामिल होने के लिए छह सदस्य पहुंचे थे। बैठक की अध्यक्षता सुन्नी वक्फ बोर्ड चेयरमैन जुफर फारूकी ने की। बैठक में अदनान फरूक शाह, जुनैद सिद्दीकी, सैयद अहमद अली, अबरार अहमद, जुनीद अहमद मौजूद रहे, जबकि अब्दुल रज्जाक खान और इमरान माबूद ने बैठक का बहिष्कार किया।
ज्ञात हो कि सुप्रीम कोर्ट ने नौ नवंबर को अयोध्या मामले में फैसला सुनाते हुए विवादित स्थल पर राम मंदिर का निर्माण करने और सुन्नी वक्फ बोर्ड को मस्जिद के लिए अयोध्या में किसी अन्य स्थान पर पांच एकड़ जमीन देने के आदेश दिए थे। योगी आदित्यनाथ कैबिनेट ने पांच फरवरी को अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग पर सुन्नी वक्फ बोर्ड को पांच एकड़ जमीन देने का फैसला किया था। (आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement