khaskhabar.com: शुक्रवार, 24 मार्च 2017 10:52 PM (IST)
होशियारपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री और पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला की सिफारिश पर लुधियाना के बी एम सी स्कूल के विद्यार्थियों ने संसद भवन का भ्रमण किया। विजय सांपला ने विद्यार्थियों को खुद भ्रमण कराया और उन्हें संसद की जानकारी दी। बच्चों ने लोकसभा और राज्यसभा के साथ सेंट्रल हॉल देखा। बच्चे संसद भवन और परिसर में लगी शहीदों की प्रतिमा देखकर बहुत उत्साहित नजर आ रहे थे। संसद भवन में लगी शहीद भगत सिंह की प्रतिमा देखते हुए बच्चों को बताया गया कि शहीद भगत सिंह, जिन्होंने भारत को आजाद करवाने के लिए मात्र 24 वर्ष की आयु में अपने प्राणों का बलिदान दे दिया था। ये महान शहीद योद्धा पंजाब के खटकड़ कलां, जिला शहीद भगत सिंह नगर (नवाशहर) के रहने वाले थे। जिनका जन्म 28 सितम्बर 1907 में हुआ था और अंग्रेजी हुकूमत में डर का माहौल पैदा कर अपने इंकलाब की आवाज अंग्रेजो के कानों तक पहुंचने के लिए शहीद भगत सिंह ने अपने साथियों सहित सेंट्रल हॉल में बारूद रहित बम फेंका था। बाद में अंग्रेजो ने झूठा मुकदमा दर्जकर शहीद भगत सिंह को 23 मार्च 1931 को फांसी दे दी थी। बच्चों को साथ लेकर आए हुए स्कूल के अध्यापकों ने लोकतंत्र का अक्श संसद भवन का भ्रमण करवाने के लिए आभार व्यक्त किया।