Advertisement
नशे पर सख्ती : हनुमानगढ़ में 7 मेडिकल स्टोरों के ड्रग लाइसेंस निलंबित, दो फार्मासिस्टों पर कार्रवाई

लाइसेंसिंग अथॉरिटी एवं सहायक औषधि नियंत्रक अजय कुमार सबल ने बताया कि औषधि नियंत्रण अधिकारियों द्वारा विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान नशीली एवं नियंत्रित दवाओं के रखरखाव तथा अन्य नियमों में अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के तहत ढ़ालिया (37 एनजीसी) स्थित ए.के. मेडिकल स्टोर का लाइसेंस 20 दिन, फतेहगढ़ (29 एसएसडब्ल्यू) स्थित जय करणी मेडिकोज तथा हनुमानगढ़ टाउन स्थित सीमा मेडिकल एजेंसी के लाइसेंस 10-10 दिन के लिए निलंबित किए गए।
वहीं फतेहगढ़ खिलेरीबास स्थित फर्म यादव मेडिकल स्टोर का लाइसेंस 7 दिन के लिए, शेरगढ़ मुण्डा के श्री कृष्णा मेडिकल स्टोर का लाइसेंस 5 दिन तथा श्री कुमार सिटी, हनुमानगढ़ टाउन स्थित हैल्थ केयर फार्मेसी का लाइसेंस 3 दिन के लिए निलंबित किया गया। इसके अलावा जनरल मार्केट, अस्पताल क्षेत्र, हनुमानगढ़ टाउन स्थित वाहेगुरू मेडिसिन हब का ड्रग लाइसेंस 15 दिनों के लिए निलंबित किया गया है। साथ ही इस फर्म की एनडीपीएस एवं शेड्यूल-एच1 श्रेणी की 12 दवाओं के विक्रय की अनुमति 5 अगस्त, 2026 से निरस्त कर दी गई है।
विभाग ने फार्मासिस्ट बलजीत सिंह एवं गुरजंट सिंह के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनके प्रकरण राजस्थान फार्मेसी काउंसिल को भेज दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के दुरुपयोग में प्रयुक्त होने वाली दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए जिलेभर में निरीक्षण एवं कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
हनुमानगढ़
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


