State Government Committed to the Conservation of the State Bird, the Great Indian Bustard: Sanjay Sharma-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राज्य पक्षी गोडावण संरक्षण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : संजय शर्मा

khaskhabar.com: गुरुवार, 21 मई 2026 10:18 PM (IST)
राज्य पक्षी गोडावण संरक्षण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : संजय शर्मा
जैसलमेर। राज्य पक्षी गोडावण के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जैव विविधता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को जैसलमेर स्थित उत्कर्ष जैन भवन में गोडावण दिवस उत्साह, जागरूकता एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर प्रदेश सरकार द्वारा गोडावण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वन राज्य मंत्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के राज्य पक्षी गोडावण (ग्रेट इंडियन बस्टर्ड) के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रभावी एवं दूरगामी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गोडावण केवल एक पक्षी नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध जैव विविधता, प्राकृतिक धरोहर एवं मरुस्थलीय पारिस्थितिकी का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसके संरक्षण के लिए सरकार वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आधुनिक तकनीक एवं जनसहभागिता के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा संचालित गोडावण ब्रीडिंग सेंटर सम व रामदेवरा संरक्षण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन केंद्रों के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से सामने आने लगे हैं। गोडावण की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है तथा उनकी प्रजनन क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस दुर्लभ पक्षी को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वन राज्य मंत्री ने आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण एवं वन्यजीव सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता से ही गोडावण संरक्षण अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि गोडावण राजस्थान की पहचान, गौरव एवं मरुस्थलीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। इसके संरक्षण के लिए राज्य सरकार सुरक्षित आवास, आधुनिक प्रबंधन एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गोडावण संरक्षण प्रजनन केंद्रों के माध्यम से इस दुर्लभ पक्षी की संख्या में वृद्धि होना अत्यंत सकारात्मक संकेत है।
गोडावण दिवस के अवसर पर विद्यालयों में आयोजित भाषण, निबंध, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को वन राज्य मंत्री शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं गोडावण बचाने का संदेश देते हुए उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। साथ ही, वन मंत्री ने विभागीय कार्मिकों को मोटरसाईकिल की प्रतिकात्मक चाबी एवं आरओ तथा विद्यालयों को पंखा/दरी/बोतल/बैग वितरित किये।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement