श्रीगंगानगर। मौसम में बदलाव के चलते अब गरमी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसे श्रीगंगानगर जिले में भी गर्मी ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है और तापमान दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है। दिन में बदन झुलसाने वाली धूप ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए लोगों ने जतन करने शुरू कर दिए हैं। पिछले तीन दिनों की बात करें तो पारा लगातार ऊपर जा रहा है और शनिवार को भी तापमान 44 डिग्री को पार कर गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी दिनों में गर्मी का प्रभाव और बढ़ेगा। दिन में गर्मी का प्रभाव अधिक होने के कारण आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सुबह सूर्योदय के साथ ही धूप का प्रभाव बढ़ना शुरू हो गया। ग्यारह बजे तक धूप में तल्खी बढ़ने के कारण गर्मी का प्रभाव और भी बढ़ गया। दोपहर में घरों से निकले लोग भी धूप से बचने के लिए हाथ मुंह कपड़े से ढककर घरों से निकले। कई लोगों ने धूप से बचाव के लिए छातों का उपयोग किया। दोपहर में सड़कों पर चहल पहल भी कम ही देखने को मिली।