khaskhabar.com: शुक्रवार, 19 अगस्त 2016 8:41 PM (IST)
जयपुर। मंत्री मण्डलीय उपसमिति एसबीसी के पांच प्रतिशत आरक्षण को सभी सरकारी भर्तियों एवं शिक्षण संस्थानों में सुनिश्चित करने के लिए फिर से स्पष्ट परिपत्र जारी करने के निर्देश दिए है। मंत्री मण्डलीय उप समिति ने कहा कि राज्य सरकार की साफ मंशा है कि एसबीसी को पांच प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जब भी विभाग में भर्ती की जाये तो आरक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह से अपनाएं।
सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि एस.बी.सी.आरक्षण को नवीं सूची में डालने के लिए 25 अगस्त के बाद दिल्ली में जाकर भारत सरकार के मंत्रियों से वार्ता करेंगे। चिकित्सा मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड़ ने चिकित्सा विभाग के निदेशक को निर्देश दिये कि मेडिकल मोबाईल वेन बन्द होने के कारणों को अतिरिक्त निदेशक स्तर के अधिकारी से जांच कराकर आवश्यक कार्यवाही करें। बैठक में कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने देवनारायण गुरूकुल योजना में अच्छे विद्यालयों का चयन कर एस.बी.सी. वर्ग के बच्चों को प्रवेश दिलाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में गौपालन राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक जैन, निदेशक श्री जैन, गृह सचिव सुबीर कुमार, पशुपालन शासन सचिव कुंजी लाल मीना, कार्मिक शासन सचिव भास्कर सांवत, महिला बाल विभाग के निदेशक डॉ. समित शर्मा, उच्च शिक्षा निदेशक अनुप खिंची, चिकित्सा विभाग के निदेशक डॉ. बी.आर.मीना, सार्वजनिक निर्माण विभाग के मुख्य अभियन्ता, गूर्जर प्रतिनिधि हिम्मत सिंह, एडवोकेट शेलेन्द्र सिंह डॉ. रुपसिंह सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे