Saryu Kamala Express Arrives from Ayodhya to Janakpur, Devotees Show Excitement-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:11 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अयोध्या से जनकपुर पहुंची सरयू कमला एक्सप्रेस, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

khaskhabar.com: मंगलवार, 24 नवम्बर 2026 10:43 AM (IST)
अयोध्या से जनकपुर पहुंची सरयू कमला एक्सप्रेस, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
जयनगर । अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में सरयू कमला एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो गया है। भारत-नेपाल सीमा से पहले भारत के अंतिम रेलवे स्टेशन जयनगर पर ट्रेन पहुंची तो यात्रियों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। इस ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने किया था। इसके बाद अब यह ट्रेन अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच संचालित होगी। लंबे समय से दोनों धार्मिक स्थलों को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग की जा रही थी। ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच यात्रा का नया विकल्प मिला है। खासकर माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर जाने वाले श्रद्धालुओं में इसे लेकर खुशी है। जयनगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे एक यात्री ने बताया कि वे माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर में दर्शन करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को लेकर काफी उत्साह है। वे अपने पूरे परिवार और करीबी दोस्तों के साथ जनकपुर जा रहे हैं। यात्री ने इस अवसर के लिए मोदी सरकार का आभार जताते हुए कहा कि अयोध्या जाने के बाद एक बार फिर उन्हें जनकपुर जाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि परिवार और मित्रों के साथ इस यात्रा को लेकर सभी काफी उत्साहित हैं।
समस्तीपुर डिवीजन के पीआरओ आरके सिंह ने ट्रेन के संचालन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह बहुत अच्छा कदम है। उन्होंने बताया कि काफी समय से लोगों की मांग थी कि अयोध्या में राम मंदिर बनने और जनकपुर में जानकी मंदिर होने के बाद दोनों धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए ट्रेन चलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर रेल परिचालन की सुविधा उपलब्ध है।
आरके सिंह ने कहा कि लोगों की मांग को देखते हुए भारत सरकार और रेल मंत्रालय ने दोनों देशों के बीच ट्रेन चलाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि ट्रेन में यात्रियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह पूरी तरह नया रैक है और इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। यात्रियों को ट्रेन की सुविधाएं पसंद आ रही हैं और वे सफर का आनंद ले रहे हैं।
पीआरओ ने कहा कि सरयू कमला एक्सप्रेस को नए रैक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया गया है। ट्रेन के संचालन से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। जयनगर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने और यात्रियों की प्रतिक्रिया से इस नई रेल सेवा को लेकर उत्साह नजर आया।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement