विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगा अकाली - भाजपा गठबंधन - मजीठिया
khaskhabar.com: बुधवार, 04 जनवरी 2017 5:23 PM (IST)
कपूरथला। पंजाब सरकार की ओर से राज्य में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल बजट 30 करोड़ से बढ़ाकर 200 करोड़ रुपए कर दिया गया है। डिप्टी मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में सरकार अलग - अलग खेल में उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दे रही है। इसी कारण आज कबड्डी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। ये कहना है कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया का। जो मंगलवार को लखण के पड्डा गांव में 62वें कबड्डी कप टूर्नामेंट के मौके पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से कई कबड्डी खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई है। पंजाब सरकार की तरफ से अलग-अलग खेल मुकाबलों में पंजाब का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को डीएसपी रैंक के तहत भर्ती किया गया है। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा विकास कार्यों के मुद्दे पर मतदान लड़ेगा और लगातार तीसरी बार जीत हासिल करेगा। मजीठिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल झूठे हैं। जो पंजाब की जनता से लगातार झूठे वादे कर रहे हैं। इस अवसर पर विधायक बीबी जागीर कौर, जिला परिषद कपूरथला के चेयरमैन युवराज भूपेंद्र सिंह, हलका इंचार्ज एडवोकेट परमजीत सिंह पम्मा, सीनियर अकाली नेता रघुबीर सिंह, मार्केट समिति चेयरमैन स्वर्ण सिंह जोश, पूर्व सरपंच शरनजीत सिंह और अवि राजपूत के साथ कई अकाली नेता और खेल प्रेमी मौजूद रहे।