Respecting the workers who respect the party is also the priority of the party: Badauli-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:15 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पार्टी का सम्मान करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान पार्टी की भी प्राथमिकता : बडौली

khaskhabar.com: शुक्रवार, 15 नवम्बर 2024 5:43 PM (IST)
पार्टी का सम्मान करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान पार्टी की भी प्राथमिकता : बडौली
गुरुग्राम। सदस्यता अभियान को लेकर शुक्रवार को गुरुग्राम पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडौली ने कहा है कि पार्टी का सम्मान करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान पार्टी की भी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने में लगे हैं, जल्दी ही हम सदस्यता अभियान के तय लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। बड़ौली ने कहा कि सदस्यता अभियान का मकसद जनहित के कार्य के लिए संगठन को अधिक से अधिक मजबूत करना है। पार्टी कार्यालय ‘‘गुरुकमल’’ में कार्यकर्ताओं की बैठक से पहले पत्रकार वार्ता के दौरान बड़ौली ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा जनता ने विधानसभा चुनाव में फोड़ दिया और अब कांग्रेस का झूठ किसी भी चुनाव में नहीं चलने वाला। बडौली ने दावा किया कि भाजपा नगर निकाय चुनावों के लिए भी तैयार है और कल्याणकारी कार्यों, संगठन शक्ति और जनता के आशीर्वाद से आने वाले हर चुनाव भी भाजपा जीतेगी। बड़ौली ने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता संगठन को तो मजबूत कर ही रहे हैं, साथ ही सरकार द्वारा किए जा रहे एतिहासिक कार्यों को जनता तक पहुंचाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में भी मदद कर रहे हैं। बडौली ने कहा कि कांग्रेस झूठ और भ्रम का सहारा लेकर चुनाव लड़ी थी, हरियाणा की जनता ने कांग्रेस के झूठ के गुब्बारे की हवा निकाल दी। प्रेसवार्ता के दौरान श्री बड़ौली ने गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व और गंगा स्नान पर्व की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है, 2019 में भाजपा के 33 लाख प्राथमिक सदस्य बने थे, लेकिन इस बार हरियाणा में 50 लाख प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। हरियाणा में 20 हजार से अधिक बूथ हैं और हर बूथ पर 250 नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को दिया हुआ है।

नगर निगम चुनाव जल्द होंगे, भाजपा हर चुनाव जीतेगी

पत्रकार के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा एक चुनाव के बाद दूसरे चुनाव की तैयारी में जुट जाती है। सदस्यता अभियान के जरिए हम संगठन को और अधिक मजबूत कर रहे हैं। आने वाले किसी भी चुनाव में भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव जल्द ही होंगे और हर चुनाव हम स्पष्ट बहुमत के साथ जीतेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के दरवाजे 24 घंटे खुले रहते हैं। चुनाव के दौरान कुछ लोगों का मन खराब हुआ था और उन्होंने पार्टी छोड़ थी, इसके अलावा कुछ कार्यकर्ताओं ने पार्टी में रहते हुए पार्टी विरोधी काम किया ऐसे लोगों की पूरी जानकारी संगठन के पास है।
गुरुग्राम में बन रहे मेडिकल कालेज का नाम गुरू नानक के नाम पर रखने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महापुरूषों और देश भक्तों ने समाज और देश के लिए काम किया है। हम महापुरूषों के ऋणी हैं। मेडिकल कालेज का नाम गुरू नानक के नाम से रखा जाना गर्व की बात है। डीएपी खाद की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि हरियाणा में कहीं भी डीएपी खाद की कमी नहीं है। कुछ दुकानदारों ने डीएपी के साथ कुछ दवाईयों को बेचने का प्रयास किया था उस पर सरकार ने संज्ञान ले लिया है और अब किसान खुश हैं।
कांग्रेस के पास ना नेता, ना नीति और ना नीयत
जब एक पत्रकार ने पूछा कि नेता प्रतिपक्ष के बगैर विधानसभा चल रही है तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के पास नेता नहीं है। उन्होंने कहा कांग्रेस के पास नीति, नेता और नीयत की कमी है। बडौली ने कटाक्ष किया कि निर्दलीय या फिर इनेलो के विधायकों में से कांग्रेस को नेता प्रतिपक्ष चुन लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस घटेगी और भाजपा आगे बढ़ेगी। जनता ने भी देश और प्रदेश को कांग्रेस मुक्त बनाने की ठान ली है। डीएससी समाज पर पूछे गए सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नायब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू करके वंचित लोगों को न्याय देने का काम किया है।

हर कार्यकर्ता पर ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने की जिम्मेदारी

प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने गुरुकमल में जिला अध्यक्ष कमल यादव की अध्यक्षता में हुई कार्यकर्ता बैठक में अब तक चले सदस्यता अभियान की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं से संवाद किया और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की चारों विधानसभाओं में भाजपा ने जीत दर्ज की है। गुरुग्राम जिला में 1504 बूथ है और बूथ की दृष्टि से काफी बड़ा जिला है और अभियान सफलता पूर्वक चल रहा है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से जल्दी से जल्दी दिए गए लक्ष्य को पूरा करने का भी निवेदन किया।
बैठक में मंच पर प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, जिला प्रभारी संदीप जोशी, जिला अध्यक्ष कमल यादव, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, विधायक तेजपाल तंवर, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी और फरीदाबाद के पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement