Advertisement
पार्कों में जलभराव की समस्या से निजात पाने के लिए लगाए जाएं रिचार्ज वेलः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ में पीएमडीए की चौथी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के तहत आने वाले कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और भविष्य की योजनाओं को मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि पंचकूला को नम्बर वन सिटी बनाया जाए। इसके लिए व्यापक स्तर की कार्ययोजना बनाकर मूर्तरूप दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी पंचकूला को स्लम फ्री बनाने के लिए कार्य करें। इसके लिए जगह का चयन कर फ्लैट बनाने की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाए ताकि पात्र परिवारों को फ्लैट की सुविधा सुलभ करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों को उच्च स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सेक्टरों में सफाई, सीवरेज, सड़कें और पानी आदि की सुविधाएं नगर निगम की देखरेख में की जाएंगी। इसके अलावा पीएमडीए सेक्टरों को डिवाइड करने वाली सड़कों, स्टॉर्म वाटर का कार्य देखेगा। एचएसवीपी पानी के बिल एकत्र करने के अलावा बिक्री न हुई संपत्ति तथा 25 प्रतिशत बने हुए मकानों में साफ-सफाई की देखरेख करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीवरेज एवं नालों की सफाई का कार्य जल्द पूरा किया जाए ताकि बरसात के दिनों में पानी की निकासी आसानी से हो सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी ग्राउंड स्तर पर सफाई, सीवरेज, सड़कें एवं पेयजल संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए एचएसवीपी की तीन सुपर सकर मशीनें नगर निगम को सुपुर्द कर दी जाएं और पीएमडीए द्वारा अपनी मशीनों की खरीद की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला में फाउंटेन पार्क को लेजर वैली, गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित किया जाए ताकि यह बहुत सुंदर शहर बन सके। इसके सौंदर्यकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि यह अन्य शहरों के लिए एक मॉडल के रूप में विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि दीवारों पर भव्य एवं शानदार वॉल पेंटिंग की जाए तथा सभी चौराहों के सौंदर्यकरण के साथ स्टॉर्म वाटर की निकासी के लिए भी प्रपोजल तैयार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमडीएम की अगले माह बैठक आयोजित कर कार्यों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए बेहतर कार्य योजना बनाई जाए ताकि शहर को सुरक्षा की दृष्टि से पूर्ण रूप से सुरक्षित बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि शूटिंग रेंज में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं ताकि प्रशिक्षण लेकर खिलाड़ी विश्व स्तर की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकें।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंचकूला में सभी पार्कों में सुंदर पौधे लगाए जाएं और वाटर बॉडी ठीक कर उनमें पानी भरा जाए। इसके अलावा शानदार फव्वारे लगाए जाएं तथा इनमें शौचालयों की व्यवस्था की जाए। मल्टीफीचर पार्क की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि इस पर लगभग 22 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने इसकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अटल पार्क का निर्माण कार्य 30 नवम्बर तक पूरा कर लिया जाएगा। चिल्ड्रन पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए उपकरण लगाए जाएं। इसके अलावा पुलिस विभाग पार्कों में नशा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाए। उन्होंने कहा कि जलधारा योजना-2 के तहत शहर के बीच से गुजरने वाले 11 किलोमीटर लंबे नालों का सौंदर्यकरण किया जाएगा। इनमें राजीव इंदिरा कॉलोनी व नाला चौ सेक्टर-1 से औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 नाला शामिल है। इसके अलावा शहर में 5 नए एसटीपी लगाए जाएंगे। इनमें से तीन एसटीपी के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं तथा शेष पर कार्रवाई जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिंजौर, कालका एवं मोरनी क्षेत्र में लोगों को निर्बाध रूप से पानी की सप्लाई करने के लिए जलघर बनाने हेतु भूमि का चयन किया जाए। पंचकूला के सेक्टर-32 में बन रहे 24 एमएलडी क्षमता के जलघर में कौशल्या डैम से पाइपलाइन डालने का कार्य अगले माह तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा लगभग 575 करोड़ रुपए की लागत से 22 अन्य परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
पीएमडीए के सीईओ एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग ने प्रेजेंटेशन प्रस्तुत करते हुए पंचकूला के विकास के लिए विस्तार से कार्ययोजना बारे अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि 60 सड़कों में से 34 पर कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा एशिया के सबसे बड़े कैक्टस गार्डन, हर्बल पार्क का नवीनीकरण किया गया तथा मैंगो पार्क एमडीसी, सिटी पार्क, टोपियरी पार्क का नवीनीकरण कार्य जारी है।
बैठक में विधायक चन्द्र मोहन, मेयर श्याम लाल बंसल, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, एसीएस राजा शेखर वुंडरू, ए. के. सिंह, अनुराग अग्रवाल, आयुक्त एवं सचिव अशोक मीणा, आशिमा बराड़, पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
पंचकुला़
Advertisement
हरियाणा से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


