khaskhabar.com: रविवार, 21 अगस्त 2016 12:17 PM (IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी में स्थित रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड आर्गनाइजेशन (आरडीएसओ) ने इंडियन रेलवे कोच फैक्ट्री में मिल्क वैन तैयार की है, जिससे देश के कोने-कोने में अब ताजा दूध आसानी से पहुंचाया जा सकेगा। यह मिल्क वैन देश के विभिन्न भागों में दूध पहुंचाएगी। आरडीएसओ की इस टीम का दावा है कि इस ट्रेन की स्पीड राजधानी एक्सप्रेस के बराबर रहने की उम्मीद है। आरडीएसओ की टीम की माने तो इस मिल्क वैन का ट्रायल शुरू कर दिया गया है और यह 29 अगस्त तक चलेगा। वर्तमान में गुजरात व पूर्वाेत्तर के विभिन्न भागों में रेल के माध्यम से ही दूध भेजा जाता है।
आरडीएसओ के अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में दूध लेकर जाने वाली वैन को मालगाड़ी का दर्जा प्राप्त है, जिसकी अधिकतम रफ्तार 75 किलोमीटर प्रतिघंटा रखी गई है। देश के एक कोने से दूसरे कोने में दूध पहुंचाने में इससे कई दिन लगते थे। इससे दूध खराब होने की संभावनाएं अधिक होती थी। इसीलिए अब दूध को लेकर जाने वाली वैन को मालगाड़ी का दर्जा देने की बजाय राजधानी का दर्जा देने की योजना बनाई गई है।