कैथल । जिले के किसानों ने धान की खरीद को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 65 पर जींद बाईपास पर जाम लगा दिया। गौरतलब है कि तीन चार दिन पहले भी धान की खरीद को लेकर किसानों ने जाम लगाया था। किसानों ने चौराहे पर चारों और से वाहनों की आवाजाही बन्द कर दी। किसानों ने सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि जिला प्रशासन ने 27 सितम्बर से धान की खरीद तो शुरू करवा दी लेकिन खरीद का काम एक दिन सिर्फ एक एजेंसी ही करती है जिससे मंडी में धान की ढेरियों की भीड़ ज्यों की त्यों है। किसानों का ये भी कहना है कि आढती धान को 1300 रूपये के रेट से खरीदते हैं और रसीद 1510 रूपये की देते हैं। अब किसानों की मांग है कि एक तो हर रोज सभी एजेंसियों के द्वारा खरीद चालू करवाई जाए और दूसरा रसीद के नाम पर चल रहे घोटाले को बंद किया जाए। वहीं एक घंटे के बाद पुलिस अधिकारी, मंडी सेक्रेटरी और सिटी मजिस्ट्रेट वीरेन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे और उचित आश्वासन के बाद उन्होंने जाम खुलवाया ।