नादौती। उपखंड के ग्राम पंचायत मेंढे का पुरा में मंगलवार को गुर्जर कर्मचारी-अधिकारी व जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव जीआर खटाना थे। समारोह में खटाना ने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि बालिका शिक्षा से ही समाज की तरक्की संभव है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की का विकास शिक्षा से ही संभव है। इसलिए समाज की बेहतरी के लिए बालिका शिक्षा को बढ़ावा दिए जाने की जरूरत है। खटाना ने कहा कि सामाजिक कुरीतियां मिटाने का एकमात्र उपाय शिक्षा है। हिण्डौन नगर परिषद के पार्षद गोपेन्द्र गुर्जर ने कहा कि समाज विकास के लिए शिक्षा जरुरी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता, समरसता एवं समाज को विकास की मुख्य धारा से जोडऩे के लिए युवाओं को तकनीकी, उच्च रोजगार परख शिक्षा दिलाने की जरूरत है।
क्षेत्रीय विधायक घनश्याम महर व शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रामकेश मीणा ने कहा कि आपसी प्रेम व भाईचारे से समाज आगे बढ़ता है। इसलिए हर समाज के लोगों को जरूरत है कि वे मिलजुल कर रहें और आपसी प्रेम व भाईचारे को बढ़ावा दें। सब इंस्पेक्टर राजेश खटाना ने कहा कि समाज के लोग फालतू की फिजूल खर्ची पर कम ध्यान दे व शिक्षा पर ज्यादा जोर दें। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवाओं को आगे आकर समाज में शिक्षा की जागृति लानी होगी। समारोह में मध्यप्रदेश के कांग्रेस नेता चतर सिंह गुर्जर, हरियाणा के केदार सिंह, सियाराम वकील, शीशराम खटाना, शिवचरण गुर्जर, सब इंस्पेक्टर सोमवीर खटाना आदि ने भी विचार रखें। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह राजावत, महामंत्री प्रदीप गुर्जर, युवा कांग्रेस के लोकसभा महासचिव सुरेन्द्र खटाना सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व अतिथियों का माल्यार्पण व साफा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम संचालन जगदीश मंदिर ट्रस्ट समिति के प्रवक्ता सियाराम वकील ने किया।