khaskhabar.com: शनिवार, 18 मार्च 2017 1:43 PM (IST)
चूरू। जिला जेल में शुक्रवार देर रात हार्डकोर बदमाश सहित चार कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात प्रहरी के साथ मारपीट कर डाली। कैदियों ने प्रहरी को वार्ड के अंदर खींचने का भी प्रयास किया। घटना के बाद प्रहरी की रिपोर्ट पर कोतवाली में चार कैदियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस के अनुसार बलराम सारण ने रिपोर्ट दी कि वह जिला कारागृह में सात मार्च से प्रहरी पद पर कार्यरत है। जेल में वार्ड एक, दो व तीन और अंदर इंचार्ज के रूप में उसकी ड्यूटी थी। हार्डकोर अपराधी हरिसिंह उर्फ हरिया ने दवा लेने के बहाने बाहर निकलने की जिद की। प्रहरी ने उसको समझाया कि अभी वार्ड चार वाले बंदी दवा ले रहे है, इसके बाद उसे दवा दिलवाई जाएगी। इस बात पर बंदी उसके साथ दुव्र्यवहार करने लगा। थोड़ी देर बाद उसके अन्य साथी हार्डकोर अपराधी संदीप कादयान सहित समीर खां और व शहजाद खां वहां पर आ गए और उसे वार्ड के अंदर खींचने लगे। उसके विरोध करने पर चारों बंदियों ने उसके साथ मारपीट कर डाली। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।