Police Encounter with Cable-Theft Gang in Ghatampur, Kanpur; One Suspect Injured by Gunfire-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कानपुर के घाटमपुर में तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल

khaskhabar.com: सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 10:35 AM (IST)
कानपुर के घाटमपुर में तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल
कानपुर । कानपुर के घाटमपुर सर्किल में नीबिया गांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कानपुर के डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि बीते दिनों घाटमपुर सर्किल में ट्रांसफार्मर से संबंधित उपकरण चोरी करने और बिजली के तार काटने की कई घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों ने पुलिस को क्षेत्र में चेकिंग और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में रविवार देर रात पुलिस टीम नीबिया गांव के आसपास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी नीबिया की ओर से एक वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वाहन में सवार दो लोगों ने रुकने के बजाय वाहन छोड़ दिया और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान पवन के रूप में की है। आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आया था और क्षेत्र में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह में शामिल था। उसके खिलाफ लूट, डकैती, चोरी और तार चोरी समेत 10 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में बिजली के तार और ट्रांसफार्मर के उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement