khaskhabar.com: सोमवार, 13 फ़रवरी 2017 10:48 AM (IST)
बीकानेर। मुक्ति संस्था द्वारा होटल ढोला-मारू में मेरे आंगन कार्यक्रम के तहत भारतीय भाषाओं का कविता-उत्सव का आयोजन हुआ। जिसमें हिंदी-राजस्थानी और उर्दू के अलावा पंजाबी, बंगाली, सिंधी और अंग्रेजी भाषा में शहर के कवियों ने कविता पाठ किया। कार्यक्रम में अध्यक्षीय उद्बोधान के रूप में बोलते हुए कहानीकार-व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा ने कहा कि बीकानेर शहर की गरिमा में इस बात को भी रेखांकित किया जाना चाहिए कि यहां न केवल राजस्थानी, हिंदी और उर्दू वरन अन्य भारतीय भाषाओं में भी लेखन हो रहा है। मुख्य अतिथि प्रसिद्ध सामाजसेवी और राजस्थानी लोक संस्कृति के विद्वान भंवर पृथ्वीराज रतनू ने कहा कि डिंगळ और राजस्थानी की समद्ध परंपरा हमारे यहां रही है और भाषाओं की विविधता में कविता अपने भीतर नाद की जो झांकी श्रवण से प्रगट करती है उसके लिए भाषा के बंधन नहीं होते। उन्होंने कार्यक्रम में पठित कविताओं पर हर्ष प्रगट करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि आज के कार्यक्रम में एक छोटा भारत अपनी विविधताओं को एकता के सूत्र में पिरोकर यहां प्रस्तुत किया गया है।