बूंदी। जिले के ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए रात्रि चौपालों की श्रृखंला में शुक्रवार को नैनवां उपखण्ड के दुगारी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें जिला कलेक्टर नरेश कुमार ठकराल ने ग्रामीणों की सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द समाधान कर राहत देने के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान होने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की।
रात्रि चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान त्वरित निस्तारण एवं उनकी सुविधा के अनुसार उनके गांव में करने के लिए रात्रि चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। जिन समस्याओं का समाधान किसी कारणवश रात्रि चौपाल में संभव नहीं हो पाता, उनको राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज कर निस्तारण करवाकर निस्तारण करवाया जाता है। शिकायत निस्तारण की स्थिति की जानकारी संबंधित को ऑनलाईन देखने की सुविधा भी प्रदान की गई है। ग्रामीणों द्वारा प्रधानमंत्री आवास में पात्र परिवारों के नाम छूटने की शिकायत पर जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि, जो भी परिवार छूटे हैं, वे आवास के लिए आवेदन करें, पात्र परिवारों के नाम अगले वर्ष की सूची में शामिल कर लिए जाएंगे।
जिला कलक्टर ने ग्रामीणों जनों को निर्माण श्रमिक कार्ड योजना के फायदे बताते हुए कहा कि नरेगा एवं अन्य निर्माण कार्यो में मजदूरी करने वाले श्रमिक अपना रजिस्टे्रशन करवाकर कार्ड जरूर बनाएं। इस योजना में बीपीएल की भांति कई तरह लाभ शामिल है। रजिस्टे्रशन की यह सुविधा ग्राम पंचायत एवं पंचायत समिति में भी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणजन अपना भामाशाह कार्ड बनवाकर उसका बैंक खाते से लिंकेज अवश्य कराएं, ताकि विभिन्न योजनाओं के लाभ की राशि सीधे उनके खाते में मिल सके।