उदयपुर। पानी को सहेजने और झील संरक्षण के साथ ही उदयपुर के समग्र पर्यटन विकास की रफ्तार को तेजी देने के उद्देश्य से चल रहे तीन दिवसीय लेक फेस्टिवल के दूसरे दिन शनिवार को सुबह फतहसागर झील में सामूहिक श्रमदान से हुए सफाई अभियान में झीलप्रेमियों ने उत्साह से भाग लिया और झील की सफाई की। श्रमदान से सफाई अभियान की शुरूआत जिला कलक्टर रोहित गुप्ता ने की। इस अवसर जिला कलक्टर गुप्ता ने झील सफाई को नियमित अभियान के तौर पर जारी रखते हुए गति देने का आह्वान किया और कहा कि झीलों के संरक्षण के लिए जिला प्रशासन हरसंभव प्रयासों में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि लेक फेस्टिवल का उद्देश्य जल के महत्व के साथ ही झील संरक्षण का पैगाम देना है ताकि झीलों के संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यटन विकास में सभी की आत्मीय भागीदारी सुनिश्चित हो। इस अवसर पर उदयपुर नगर निगम के आयुक्त सिद्धार्थ सिहाग, नगर विकास प्रन्यास के सचिव रामनिवास मेहता, जिला खेल अधिकारी ललितसिंह झाला सहित अधिकारियों, झील प्रेमियों, सैलानियों, पुलिस के जवानों, खिलाडिय़ों आदि ने मिलकर झील की सफाई में हाथ बंटाया।