khaskhabar.com: बुधवार, 22 मार्च 2017 9:47 PM (IST)
बारा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले की पंचायत समिति शाहबाद व किशनगंज में आयोजित कार्यशालाओं में ग्राम पंचायतों को जून माह तक खुले में शौच से मुक्त करने का संकल्प लिया।
पंचायत समिति शाहबाद की कार्यशाला में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रामजीवन मीणा ने कहा कि खुले में शौच जाना किसी भी सभ्य समाज के लिए अशोभनीय है और इससे सबसे अधिक परेशानी घर की मां, बेटी व बहन को होती है। मीणा ने कार्यशाला में मौजूद सरपंच, ग्राम सेवक, वार्ड पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, प्रेरक, राशन डीलर, गणमान्य नागरिकों को जून माह तक क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों को खुले में शौच के अभिशाप से मुक्त करने का संकल्प भी दिलवाया।
पंचायत समिति किशनगंज में एसीईओ अशोक पुरुसवानी ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत जन-जन को जागरूक करते हुए प्रत्येक घर में शौचालय निर्माण का लक्ष्य पूर्ण करने की बात कही। उन्होंने कहा कि घरों में शौचालय के निर्माण से गांव स्वस्थ व स्वच्छ होंगे और इससे उल्टी, दस्त, मलेरिया आदि बीमारियों से भी मुक्ति मिलेगी, अत: प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता के मिशन में शामिल होकर घर में शौचालय का निर्माण करवाना चाहिए। उपखंड अधिकारी शाहबाद भूपेन्द्र यादव, विकास अधिकारी, राहुल बैरवा, दिनेश चंद मीणा, जिला समन्वयक स्वच्छता कुलदीप सिंह ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए आपसी समन्वय से आमजन को जागरूक कर शौचालय निर्माण के लक्ष्य जनसहभागिता से प्राप्त करने की बात कही।