बूंदी। स्वच्छ राजस्थान के ब्रांड एम्बेसेडर के.के. गुप्ता ने कहा कि कोई भी कार्य असंभव नहीं है, आवश्यकता है कि उस कार्य के संबंध में जागरुकता लाई जाए, जिससे लोग स्वत: ही उस कार्य से जुडक़र सहभागी बन जाएं।
गुप्ता ने जिला कलेक्ट्रट सभागार में नगर परिषद के अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में स्वच्छता व स्वास्थ्य के उच्च मापदंड स्थापित करने के लिए आवश्यक है कि शहरों को खुले में शौच के अभिशाप से मुक्त किया जाए। इस समस्या के निदान के लिए आमजन को शौचालय निर्माण के बारे में जागरूक करने के लिए सजग होकर कार्य करने की आवश्यकता है। समस्या शौचालय बनाना नहीं, बल्कि सोच बदलना है और सोच बदलने के लिए संवाद आवश्यक है। इस अवसर पर पार्षद, अतिरिक्त कलेक्टर पी.सी. पवन, नगरपरिषद आयुक्त अरुणेश शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष केशवराय पाटन सुखदेव सिंह संधु, लाखेरी नगरपालिका अध्यक्ष योगेश कुमार वर्मा, पार्षद नगर परिषद पेंसु सिंह, संजय भूटानी, मुरली दाधीच, नाजमीन सिंह, मुकेश श्रीमाल, अम्बरीश पहाड़ आदि मौजूद थे।