सूरौठ (करौली)। हिण्डौन तहसील के सूरौठ कस्बे का रेलवे स्टेशन फतेहसिंहपुरा पर फुट ओवर ब्रिज नहीं होने से यात्रियों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां आये दिन हो रहे हादसों से रेलवे विभाग सबक नहीं ले रहा है।
फतेहसिंह पूरा रेलवे स्टेशन पर दो द्रुतगामी ट्रेनों सहित सभी लोकल ट्रेनों का ठहराव है और सूरौठ कस्बे के अलावा आसपास के सभी गांवों के लिए इस स्टेशन से दिल्ली, मुम्बई, भरतपुर, आगरा, अहमदाबाद आदि बड़े शहरों के लिए आवागमन का मुख्य केंद्र है। लेकिन यात्रियों की मूल सुविधाओं का अभाव भी है। ट्रेनों में आरक्षण के लिए यहां न ही तो कंप्यूटराईज्ड आरक्षण विंडो है और न ही प्लेटफॉर्म पर आने जाने के लिए कोई फुट ओवरब्रिज है। बात करे विश्राम गृह की तो प्लेटफॉर्म पर ऐसी कोई सामान्य व्यवस्था दिखाई नही देती।