बीकानेर। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान का नाम आते ही एक ऐसे पुनीत अभियान की तस्वीर मन में उभर जाती है, जो जल संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो चुका है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सोच और उनकी पहल पर एक ओर जहां पहले चरण में 19 गांवों की दिशा और दशा बदल गई, वहीं दूसरे चरण में भी एक बार फिर इतिहास रचा जा रहा है। अभियान क्षेत्र के हजारों घरों में बन रहे जलकुंड, रैन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर्स और ऐतिहासिक तालाबों के जीर्णोद्धार से ग्रामीण क्षेत्र जलक्रांति की ओर अग्रसर हैं। अभियान के तहत दूसरे चरण में 26 गांवों में जल संरक्षण के 3 हजार 783 होने हैं, इनमें से लगभग 25 सौ के कार्य प्रारम्भ हो चुके हैं और प्रतिदिन दर्जनों कार्य प्रारम्भ हो रहे हैं। इन्हीं कार्यों की श्रृंखला में नोखड़ा की अमोलाई और टोकला की रम्भोलाई तलाई का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा।