Many samples failed from stepwells to other natural water sources, where jaundice spread, a sample also failed-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:17 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बावड़ियों से लेकर दूसरे प्राकृतिक जल स्त्रोतों के कई सैंपल फेल, जहां पीलिया फैला वहां भी एक सैंपल हुआ फेल

khaskhabar.com: शुक्रवार, 30 जून 2023 5:27 PM (IST)
बावड़ियों से लेकर दूसरे प्राकृतिक जल स्त्रोतों के कई सैंपल फेल, जहां पीलिया फैला वहां भी एक सैंपल हुआ फेल
हमीरपुर। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती क्षेत्र सराहकड़-कोट के कुछ गांवों में पीलिया फैलने के बाद शुक्रवार को 10 से ज्यादा नए मरीज सामने आए हैं। इनमें 3 मरीजों का उपचार टोनीदेवी के सिविल अस्पताल में चल रहा है जबकि कुछ मरीजों को चेकअप के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। 5 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जल शक्ति विभाग स्वास्थ्य विभाग स्थानीय विधायक और जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने शुक्रवार को प्रभावित पीलिया क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने फील्डस्तर पर अधिकारियों कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को हर संभव सुविधाएं मुहैया करवाए ताकि किसी को भी समस्या से दो-चार ना होना पड़े। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डोर टू डोर पहुंचकर लोगों को दवाइयां बंटी और उनके सैंपल लेकर जांच को भेजें। पीलिया के मरीजों के नए केस आने का सिलसिला अभी रूका नहीं है। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीते कुछ महीनों में जो पानी के अलग-अलग स्त्रोतों से सैंपल लिए गए हैं उनमें अधिकांश सैंपल फेल पाए गए हैं इसको लेकर विभाग ने आईपीएच पंचायतों और ब्लॉक स्तर पर संबंधित विभागों को जानकारी भेजी है। यह जो सैंपल फेल हुए हैं इनमें बावड़ी, तालाब, कुएं, खातरिया और वाटर टैब शामिल है। सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने हमीरपुर के सर्किट हाउस में एसडीएम, स्वास्थ्य विभाग, जनशक्ति विभाग और बीडीओ के साथ बैठक कर क्षेत्र में फैले पीलिया की बीमारी को लेकर फीडबैक ली और वहां उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद विधायक राजेंद्र राणा ने प्रभावित गांवों का दौरा कर लोगों से भी बात की और उनका हालचाल जाना उन्हें मिल रही सुविधाओं को बढ़ाने का अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। सर्किट हाउस में बैठक में विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि करीब 7 पंचायतें हैं जहां पीलिया के केस सामने आए हैं वहां पानी के उपयोग से यह बीमारी हुई है उन्होंने लोगों का आह्वान किया है कि वे उबला हुआ पानी का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि अब तक 57 केस सामने आए हैं। लोगों को अभी अवेयर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गैसियस क्लोरिनेशन उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इन आधुनिक उपकरणों से पानी अपने आप सही मात्रा में क्लोरिनेशन हो जाता है। उन्होंने जल शक्ति विभाग और स्वास्थ्य विभाग को आदेश दिए कि वे अलग-अलग जगहों से सैंपल लेकर क्रॉस चेक करें ताकि यह साफ हो सके की पानी पूरी तरह से स्वच्छ है क्योंकि जो सैंपल लिए गए थे स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनमें एक सैंपल फेल पाया गया है। इस अवसर पर एसडीएम मनीष सोनी, एसई नीरज भोगल,एमओएच डॉ संजय जगोता, बीडीओ हरिचंद अत्री भी मौजूद थे। डीसी हेमराज बैरवा ने शुक्रवार सुबह जलशक्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान डीसी ने जलशक्ति विभाग से पीलिया प्रभावित क्षेत्र के साथ-साथ जिला की अन्य पेयजल योजनाओं के जलस्रोतों की ताजा स्थिति की जानकारी भी ली। उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे जलस्रोतों में सही ढंग से ब्लीचिंग पाउडर डालने या क्लोरिनेशन के संबंध में फील्ड के कर्मचारियों को प्रशिक्षित करें। हेमराज बैरवा ने कहा कि पेयजल की सरफेस स्कीमों के जलस्रोतों में एक बार ब्लीचिंग पाउडर डालने के बाद इनमें दोबारा दूषित जल आने की आशंका बनी रहती है। इसलिए, फील्ड के कर्मचारियों को ब्लीचिंग पाउडर डालने की मात्रा और टाइमिंग की सही जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने जलशक्ति विभाग को जिला की पेयजल योजनाओं में गैसियस क्लोरिनेशन की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से ताजा स्थिति की जानकारी लेते हुए डीसी ने प्रभावित क्षेत्र की आस-पास की पंचायतों में भी लोगों की स्क्रीनिंग करने तथा लोगों को पेयजल की स्वच्छता एवं जल जनित रोगों के प्रति जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और आशा वर्कर्स के अलावा स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फील्ड में जल जनित रोगों से संबंधित दवाईयों एवं अन्य आवश्यक सामग्री तथा क्लोरिन की गोलियों की पर्याप्त आपूर्ति होनी चाहिए। इसके अलावा पेयजल की नियमित रूप से सैंपलिंग एवं टेस्टिंग सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सैंपलों की जांच कल्चर प्रणाली से भी होनी चाहिए, ताकि पानी के दूषित होने का सही पता लगाया जा सके। बैठक में एसडीएम हमीरपुर मनीष कुमार सोनी, जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता नीरज भोगल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता और अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त को सराहकड़-कोट क्षेत्र में पीलिया की ताजा स्थिति से अवगत करवाया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement