पुन: फूंका जाएगा जाट आंदोलन का बिगुल, तारीख हुई तय
khaskhabar.com: मंगलवार, 03 जनवरी 2017 3:05 PM (IST)
कैथल। पिछले साल फरवरी में हुए जाट आंदोलन की चिंगारी एक बार फिर भडक़ रही है। कैथल के आर्य समाज मंदिर में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की एक बैठक बुलाई गई। बैठक में तय किया गया कि 29 जनवरी तक सरकार ने उनकी मांगे नही मानी तो वे एक बार फिर आंदोलन करेंगे। उन्होंने मांग की कि जाटों को केंद्र और राज्य में आरक्षण दिया जाना चाहिए और पिछले साल जाट आरक्षण में हुई अप्रिय घटनाओ में जो लोग गिरफ्तार किये गए थे उन्हें छोड़ा जाना चाहिए।
जाट नेता ने बताया कि अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मालिक का कहना है की जब तक सरकार उन्हें लिखित में कोई आश्वासन नहीं देती तब तक वे आंदोलन पर बैठे रहेंगे। उन्होंने कहा कि जाट आरक्षण आंदोलन का असर उत्तर प्रदेश और पंजाब में होने वाले चुनाव में भी देखने को मिलेगा। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति कैथल के जिला अध्यक्ष प्रवीण किछाना ने कहा कि सरकार जाट और गैर जाट के मुद्दे को उठा कर फिर से सत्ता में आना चाहती है।
जाट नेता संजय जागलन ने सरकार पर आरोप लगते हुए कहा कि जाट समुदाय शांतिपूर्वक ढंग से अपना आंदोलन कर रहा था और सरकार के द्वारा कुछ असामाजिक तत्व आंदोलन में भेजे गए जिससे यह अप्रिय घटनाएं हुई। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में युवाओ, बुजुर्गो और महिलाओ की भागीदारी रहेगी और सरकार का ज़ोरदार विरोध किया जाएगा।