Jaisalmer Bus Accident: MLA Bhansali Expresses Deep Condolences, Issues Immediate Instructions for Treatment of the Injured-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जैसलमेर बस हादसा: विधायक भंसाली ने जताई गहरी संवेदना, घायलों के इलाज के लिए दिए त्वरित निर्देश

khaskhabar.com: मंगलवार, 14 अक्टूबर 2025 9:06 PM (IST)
जैसलमेर बस हादसा: विधायक भंसाली ने जताई गहरी संवेदना, घायलों के इलाज के लिए दिए त्वरित निर्देश
-दरभंगा से फोन पर ली चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी, केन्द्रीय मंत्री शेखावत और विधायक जोशी ने भी जताया दुख जोधपुर। जैसलमेर से जोधपुर आ रही बस में बुधवार को लगी आग ने प्रदेशभर को स्तब्ध कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में कई यात्रियों की असमय मृत्यु हो गई, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर शोक की लहर दौड़ गई है। जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली ने इस भीषण घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है। भंसाली इन दिनों बिहार के दरभंगा में भाजपा प्रभारी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, किंतु हादसे की सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत जोधपुर और जयपुर प्रशासन से संपर्क साधा।
भंसाली ने जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति की जानकारी लेने के लिए अस्पताल अधीक्षक डॉ. भाटी से विस्तृत बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिए कि घायल यात्रियों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, दवाएं तथा उपकरण तुरंत उपलब्ध कराए जाएं।
विधायक भंसाली ने इसके साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल से भी बातचीत कर राहत एवं सहायता कार्यों में समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों के परिजनों को हरसंभव सहायता दी जाए और जिला प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए।
भंसाली ने मुख्यमंत्री कार्यालय, जयपुर से भी फोन पर वार्ता की और घायलों के इलाज के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था करने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य सरकार से अनुरोध किया कि आवश्यक होने पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए।
दरभंगा में पार्टी के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में व्यस्त होने के बावजूद विधायक भंसाली लगातार फोन के माध्यम से स्थिति की निगरानी करते रहे। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत हृदयविदारक है। दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।
इस बीच, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि —
“जैसलमेर से जोधपुर जा रही बस में आग लगने की भीषण घटना ने मन को गहराई से व्यथित किया है। कई लोगों की असमय मृत्यु और अनेक यात्रियों के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूँ। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।”
वहीं केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी हादसे को “बेहद दर्दनाक और पीड़ादायक” बताया। उन्होंने कहा कि —
“जैसलमेर से जोधपुर आ रही बस में आग लगने की दुर्घटना से अत्यंत व्यथित हूँ। अनेक यात्रियों सहित बच्चों के प्रभावित होने की सूचना हृदय को झकझोर देने वाली है। राहत और बचाव कार्य पूरी तत्परता से जारी हैं, किसी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी। ईश्वर घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
घटना की गंभीरता को देखते हुए जोधपुर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने गांधी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement