शाहजहांपुर। खाकी वर्दी के नशे में चूर एक दरोगा ने ताजिये के जुलूस के दौरान बवाल खड़ा करवा दिया। दरोगा ने एक ताजियेदार को थप्पड़ जड़ दिया जिसके बाद आक्रोशित लोगो ने स्टेट हाईवे को पूरी तरह से जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। बाद में हरकत में आए पुलिस के आला अधिकारियों ने आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया। जिसके बाद मामला शांत हुआ। जानकारी के अनुसार जलालाबाद थाना क्षेत्र में ताजिए का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान जुलूस में तैनात दरोगा अनवर खलील ने जुलूस में शामिल लोगों से गाली-गलौज और बदसलूकी शुरू कर दी। इतना ही नहीं दरोगा ने एक युवक के थप्पड़ जड़ दिया। इसी बात से नाराज जुलूस में शामिल लोगों ने बरेली फर्रुखाबाद मार्ग स्टेट हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। लोगों की मांग थी, जब तक आरोपी दारोगा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो जाती तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। इसके बाद एसपी के आदेश पर दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया। बाद में प्रशासन के आला अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद ही जाम को खुलवाया जा सका।