सिरसा। उद्योगों को रियायत देने में हरियाणा महज दो साल में 14वें से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है और पिछले दो साल के दौरान कई इंडस्ट्रीज भी हरियाणा में आई है। साथ ही राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों के साथ हुए 7 लाख करोड़ रुपयों के एमओयू के कारण प्रदेश में 5 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने के अवसर भी साफ हो गए हैं। ये कहना है मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर का। वे शनिवार को डबवाली स्थित नई अनाज मंडी में हुई विकास रैली को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ढूकड़ा, अहमदपुर, दारेवाला और रामगढ़ गांव में 6 करोड़ 68 लाख 65 हजार रुपए की लागत से बनने वाले जलघरों का शिलान्यास भी किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने 1991 के गोलीकांड और 1995 के अग्निकांड को याद करते हुए हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि भी दी।