अलवर। मोहर्रम पर्व पर बुधवार को मुस्लिम समुदाय की ओर से हजरत मोहम्मद साहब के नवासे इमाम हुसैन की शहादत की याद में ताजिये निकाले गए। अलवर के रोड नंबर दो स्थित मेव बोर्डिंग से मातमी जुलूस के साथ ताजिये निकाले गए। इस बार 12 और 7 फुट का बड़ा ताजिया निकाला गया। शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ यह जुलूस भगतसिंह सर्किल, अंबेडकर सर्किल और जेल चौराहा होते हुए जेल चौराहे के पास कर्बला मैदान पहुंचा। यहां ताजियों को सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान शांतिपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा। पूर्व मंत्री नसरू खान ने बताया कि मोहर्रम पर अलवर में सभी धर्मों के लोग इसमें शामिल होकर भाईचारे का संदेश देते हैं।