पाली। जैतारण क्षेत्र के बलुंदा ग्राम में एक धार्मिक संस्था के लोगों द्वारा आवासीय क्षेत्र में बोरवैल खुदवाने से आसपास के मकानों को भारी क्षति हुई है। ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को इस बोरवैल के संबंध में जैतारण उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर शिकायत की है। उपखंड अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आनंदपुर कालू थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि बलुंदा ग्राम में सरावगियों के बास में एक पुराने मंदिर को तुड़वाकर मंदिर निर्माण शुरू किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में अवैध रूप से ट््यूबवैल खुदवाया गया। ट्यूबवैल खोदते समय भारी मशीन एवं प्रेशर मशीन का उपयोग होने से पास में बने रतनलाल,धर्मीचंद पुत्र मदनलाल तथा मुकेश पुत्र ओमप्रकाश दर्जी के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनके अलावा भी कई मकानों में दरारें आ गईं। मुकेश का मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।