शिमला। सऊदी अरब में सडक़ दुर्घटना के बाद लकवाग्रस्त हुए हिमाचल प्रदेश के दो लोग स्वदेश वापस लौट आए हैं। यह जानकारी पारिजनों ने रविवार को दी। दोनों लोगों का इलाज शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसीएच) में होगा। दुर्घटना के बाद सऊदी अरब में इनके नियोक्ता ने इन्हें छोड़ दिया था। लेकिन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के हस्तक्षेप के बाद इन लोगों का समुचित इलाज हुआ और वे घर वापस लौटने में कामयाब हुए।
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के रहने वाले मरीज गगन कुमार के रिश्तेदार पंकज शर्मा ने आईएएनएस से कहा, ‘‘दुर्घटना के कारण बिस्तर पर पड़े दोनों जितेंद्र और गगन शनिवार की शाम नई दिल्ली पहुंच गए। अब आगे के इलाज के लिए वे आईजीएमसीएच में भर्ती होंगे।’’ उन्होंने कहा कि 25 अक्टूबर, 2015 को दुर्घटना हुई। रीड की हड्डी में चोटों के कारण दोनों बिस्तर पर पड़े हैं। जितेंद्र सोलन जिले के अकरी के रहने वाले हैं।