अयोध्या। उत्तर प्रदेश में अपनी किसान यात्रा के चौथे दिन कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे और प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। वर्ष 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद गांधी परिवार के किसी सदस्य का अयोध्या का यह पहला दौरा है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष और हनुमानगढ़ी के महन्त ज्ञानदास ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पीएम बनने का आशीर्वाद दिया।
महन्त ज्ञानदास ने कहा कि भारतीय परंपरा के अनुसार तीर्थ में आने पर लोग दर्शन पूजन के लिए जाते हैं और संतों का आशीर्वाद लेते हैं इसी कड़ी में राहुल गांधी भी यहां आए थे और उन्होंने आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि हमारे पास जो भी आएगा हमारा धर्म बनता है कि उसके उज्जवल भविष्य की कामना करें। उन्होंने कहा की हानि-लाभ, जीवन-मरण यह सब विधाता के हाथ में है। राम मंदिर से जुड़े सवाल को पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जब रामलला चाहेंगे तभी मंदिर का निर्माण होगा उन्होंने विहिप पर आरोप लगाया राम मंदिर निर्माण में वास्तविक बाधा वह स्वयं है।