Government silence is dangerous: Kumari Selja raised questions on not taking Parliament into confidence-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:49 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सरकार की चुप्पी खतरनाक: कुमारी सैलजा ने संसद को विश्वास में न लेने पर उठाए सवाल

khaskhabar.com: सोमवार, 02 जून 2025 7:47 PM (IST)
सरकार की चुप्पी खतरनाक: कुमारी सैलजा ने संसद को विश्वास में न लेने पर उठाए सवाल
सिरसा। सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार की चुप्पी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, खासकर तब जब देश की सीमाओं पर तनाव है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की विदेश नीति पर उंगलियां उठ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन द्वारा विशेष सत्र बुलाने की लगातार मांग के बावजूद सरकार संसद को दरकिनार कर प्रचार अभियानों में व्यस्त है। कुमारी सैलजा ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि यदि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा की जाती है, तो यह भारत की विदेश नीति की विफलता और देश की संप्रभुता के लिए गहरी चिंता का विषय है। उन्होंने इसे पहली बार बताया जब भारत सरकार के शीर्ष नेतृत्व ने संसद को अंधेरे में रखा और भारतीय अधिकारियों को विदेशी धरती पर सफाई देने की नौबत आई। सैलजा ने जोर दिया कि यह भारतीय लोकतंत्र की परंपरा रही है कि असाधारण परिस्थितियों में प्रधानमंत्री स्वयं संसद में उपस्थित होकर देश को विश्वास में लेते हैं, लेकिन वर्तमान सरकार का पूरा ध्यान प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट पर है, न कि पारदर्शिता और उत्तरदायित्व पर। कुमारी सैलजा ने मांग की है कि सरकार तत्काल संसद का विशेष सत्र बुलाए।
उन्होंने कहा कि सरकार सभी सांसदों और देश की जनता को वस्तुस्थिति से अवगत कराए, भारत-पाक संघर्ष विराम की पृष्ठभूमि और उसमें अमेरिका की भूमिका पर संसद में स्पष्ट बयान दे, विदेश नीति से जुड़े निर्णयों में पारदर्शिता सुनिश्चित करे, और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से बचने के लिए नीति स्पष्ट करे। उन्होंने कहा कि संसद देश का सर्वोच्च मंच है और उसे अंधेरे में रखकर देश नहीं चलाया जा सकता। सैलजा ने सरकार से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने और जवाबदेही से न भागने का आग्रह किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement