सोलन। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि विश्व शांति एवं आपसी सौहार्द कायम करने में विभिन्न धर्म महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और हम सभी का यह कर्तव्य बनता है कि धर्म के दिखाए सदमार्ग का अनुसरण करें। डा. शांडिल आज सोलन जि़ले के नगाली में एक मंदिर के लिए लाई जा रही मूर्तियों का स्वागत करते हुए उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
सोलन जिले के कण्डाघाट उपमण्डल के अलझो में रामलोक मंदिर का निर्माण किया गया है। इसी मंदिर में स्थापना के लिए कुछ और मूर्तियां लाई गई है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि धर्म मनुष्य को सदाचार के मार्ग पर चलने की दिशा में प्रेरित करता है। वैज्ञानिक तत्थों से भी यह सिद्ध हुआ है कि सतकर्म एवं सदमार्ग के प्रभाव से वातावरण में सकारात्मक दृष्टिकोण निर्मित होता है जोकि समावेशी विकास की दृष्टि से लाभदायक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि है तथा यहां की जनता का देवी-देवताओं में अटूट विश्वास है। प्रदेश को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विश्वभर में जाना जाता है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव हेमेन्द्र ठाकुर, अध्यक्ष खण्ड कांग्रेस समिति बलदेव ठाकुर, जि़ला कांग्रेस समिति के प्रवक्ता मुकेश शर्मा, जि़ला शिकायत निवारण समिति के सदस्य हितेश शर्मा, भाषा कला एवं संस्कृति अकादमी के सदस्य मदन हिमाचली, कांग्रेस समिति के सचिव प्रताप ठाकुर, प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव विनोद जिंटा सहित बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित थे।