श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ क्षेत्र में एटा-सिंगरासर माइनर निर्माण संघर्ष समिति तथा प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक शनिवार को सूरतगढ़ थर्मल रेस्ट हाउस में हुई। वार्ता में संभागीय आयुक्त बीकानेर सुआलाल, पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर विपिन कुमार पांडे, जिला कलेक्टर श्रीगंगानगर ज्ञानाराम, पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर राहुल कोटोकी, हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित, पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ भुवन भूषण यादव, सूरतगढ़ विधायक राजेन्द्र सिंह भादू, संघर्ष समिति की ओर से हेतराम बेनीवाल, श्योपतराम सहित संघर्ष समिति के सदस्यों व किसानों ने भाग लिया। संभागीय आयुक्त सुआलाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गठित जल उपलब्धता निर्धारण समिति की रिपोर्ट 10 मई 2017 तक आने की संभावना है, ऐसे में किसानों व संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को रिपोर्ट आने तक इंतजार करना चाहिए।
जिला कलेक्टर ज्ञानाराम ने कहा कि संघर्ष समिति के सदस्यों ने 8 माह तक इंतजार किया है। अब भी 10 मई 2017 तक इंतजार करना चाहिए। समिति की रिपोर्ट आने पर सरकार स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक राहुल कोटोकी ने कहा कि किसान संघर्ष समिति तथा एटा-सिंगरासर क्षेत्र के नागरिकों ने पूर्व में भी शांति का परिचय दिया है तथा वे 10 मई 2017 तक भी रिपोर्ट आने का इंतजार करेंगे एवं कानून व्यवस्था की पालना करेंगे। सूरतगढ़ विधायक राजेन्द्र सिंह भादू ने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा जल संसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप को भी क्षेत्र की समस्या तथा मांग से अवगत करवाया है। सरकार इस बात को लेकर गंभीर है।