फेसबुक यूजर सावधान! अंजान वीडियो पर ना करें क्लिक, वरना...
khaskhabar.com:
नीमच। सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर इन दिनों यूजर्स को उनके चैट बॉक्स में माई फर्स्ट वीडियो नाम का वीडियो मैसेज भेजा जा रहा है। जब यूजर इस वीडियो के लिंक पर क्लिक करता है तो वो ओपन होने की जगह प्रोफाइल में जुड़े बाकी सभी फ्रेंड्स को चला जाता है। साथ ही लिंक के साथ जुड़ा वायरस यूजर की फोटो से लेकर पूरी डिटेल को चुरा लेता है। एक बार जानकारी जुट जाने पर कुछ ही देर में अकाउंट हैक कर लिया जाता है।
एमपी के नीमच जिले में इस वायरस ने भाजपा नेता को भी अपना शिकार बना लिया। भाजपा नेता भूषण पटवा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर मैसेज बॉक्स में आए एक लिंक पर क्लिक किया, जब क्लिक करने पर आगे कुछ नहीं आया तो वो थोड़ी देर और फेसबुक को यूज कर लॉग आउट हो गए।
कुछ ही घंटों में भूषण पटवा को फोन पर उनके प्रोफाइल पर अश्लील वीडियो अपलोड होने के बारे में बताया गया। जिसके बाद उन्हें अपने अकाउंट के हैक होने का एहसास हुआ। भाजपा नेता ने तुरंत अपना अकाउंट डीएक्टिव कर दिया और इसकी जानकारी पुलिस को दी।