बरेली। यूपी बरेली की भोजीपुरा विधानसभा से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सुलेमान बेग की सभा में मीरगंज विधायक सुल्तान बेग द्वारा शहजिल और इस्लाम साबिर की तुलना झूठ के मामले में किन्नरों से करने के बाद राजनीति में भूचाल आ गया है। किन्नरों ने मामले की शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी व मुख्य चुनाव आयुक्त से की है।
बुधवार को कन्या सुरक्षा विकास समिति के बैनर तले किन्नरों ने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें बताया कि मीरगंज विधायक सुल्तान बेग ने भोजीपुरा से चुनाव लड़ रहे भाई सुलेमान बेग के कार्यक्रम में किन्नर समाज के खिलाफ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया था।आरोप लगाया कि सुल्तान बेग ने भोजीपुरा से ही दूसरे प्रत्याशी शहजिल इस्लाम और उनके पिता इस्लाम साबिर की तुलना झूठ बोलने के मामले में किन्नरों से की थी। जिसे लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद से किन्नर समाज आहत है। किन्नरों ने मीरगंज विधायक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।