Elderly man murdered in plot to embezzle ₹70 lakh from bank account; body dumped in well-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 9:12 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बैंक खाते से 70 लाख रुपये हड़पने की साजिश में बुजुर्ग की हत्या, शव कुएं में फेंका, एक आरोपी गिरफ्तार

khaskhabar.com: सोमवार, 03 अगस्त 2026 1:13 PM (IST)
बैंक खाते से 70 लाख रुपये हड़पने की साजिश में बुजुर्ग की हत्या, शव कुएं में फेंका, एक आरोपी गिरफ्तार
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा पुलिस ने बागोर थाना क्षेत्र में 78 वर्षीय बुजुर्ग शोभालाल जैन की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश मृतक के बैंक खाते में जमा 70 लाख रुपये हड़पने के उद्देश्य से रची गई थी। पुलिस अधीक्षक सागर राणा (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुद्धराज, पुलिस उपाधीक्षक राहुल जोशी के सुपरविजन तथा बागोर थानाधिकारी बच्छराज चौधरी के नेतृत्व में डीएसटी, साइबर सेल और थाना बागोर की संयुक्त टीम ने मामले की जांच कर आरोपी नारायण सरगरा (32), निवासी अडसीपुरा को गिरफ्तार किया है। दूसरे आरोपी रोशन गुर्जर की तलाश जारी है। कुएं में मिला था बंधा हुआ शव
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को ग्राम मदनपुरा की सरहद स्थित मोहनलाल जाट के खेत के कुएं में एक शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की मदद से शव बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान शोभालाल जैन (78), निवासी बावलास के रूप में हुई।
शव के दोनों हाथ लोहे के तार से पीछे बंधे हुए थे, मुंह पर टेप लगी थी तथा दोनों पैरों को सीमेंट के पोल से तार के जरिए बांधकर कुएं में फेंका गया था ताकि शव ऊपर न आ सके।मृतक के पुत्र भैरूलाल जैन की रिपोर्ट पर बागोर थाने में रोशन गुर्जर और नारायण सरगरा के खिलाफ हत्या, लूट और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
70 लाख रुपये के लालच में रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रोशन गुर्जर मृतक शोभालाल जैन के यहां मुनीम का कार्य करता था। उसे मृतक के बैंक खातों की पूरी जानकारी थी और यह भी पता था कि खाते में 70 लाख रुपये से अधिक जमा हैं।
पुलिस के अनुसार रोशन ने नारायण सरगरा को शराब पार्टी के दौरान हत्या कर ओटीपी के जरिए बैंक खाते से रुपये निकालने की योजना बताई और बदले में 10 लाख रुपये देने का लालच दिया, जिस पर नारायण तैयार हो गया।
पहले प्रयास में नाकाम, फिर लौटते समय की हत्या
16 जुलाई को दोनों आरोपी शोभालाल जैन को सांवलियाजी मंदिर ले गए थे, लेकिन साथ में एक अन्य व्यक्ति होने के कारण वारदात को अंजाम नहीं दे सके।इसके बाद 19 जुलाई को दोनों आरोपी शोभालाल जैन को सिरियारी (पाली) स्थित जैन मंदिर दर्शन के लिए लेकर गए। लौटते समय रास्ते में लोहे का तार और टेप खरीदी तथा सुनसान स्थान पर कार रोककर पीछे की सीट पर बैठे शोभालाल जैन का मुंह दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक की सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल फोन और घड़ी लूट ली। इसके बाद शव को सीमेंट के पोल से बांधकर मदनपुरा स्थित कुएं में फेंक दिया ताकि घटना का पता न चल सके।
एक आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने और तकनीकी जांच के बाद आरोपी नारायण सरगरा को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है तथा फरार आरोपी रोशन गुर्जर की तलाश की जा रही है।इस कार्रवाई में डीएसटी, साइबर सेल और थाना बागोर की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement