पंचकूला । हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्रीमती कविता जैन ने कहा कि कन्याएं देवी का रूप होती हैं और पंचकूला जिला के गांवों में अनुपात के हिसाब से कन्याओं की संख्या कम है उन गांवों में भविष्य में नवरात्रों के दौरान जन्म लेने वाली कन्याओं के घर में श्रीमाता मनसा देवी साईन बोर्ड द्वारा उपहार स्वरूप माता की चुनरी, नारियल, घण्टी तथा प्रसाद भेजा जाएगा।श्रीमती जैन गुरुवार को यहां आश्विन माह के पांचवे नवरात्र के शुभ अवसर पर श्री माता मनसा देवी के दर्शन करने के बाद मीडिया के साथ बातचीत कर रही थी। उन्होंने इस अनूठी योजना की शुरूआत स्वयं अपने हाथों से की और गांव श्यामटु व रत्तेवाली के कुछ घरों में कन्या के जन्म लेने पर उक्त उपहार भिजवाए। इससे पूर्व उन्होंने श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल पर माता के दर्शन किए तथा आशीर्वाद लिया। उन्होंने अपने परिवारजनों के साथ यज्ञ में भी हिस्सा लिया।