Development Reaching the Last Person in Society Through Public Welfare Schemes Aligned -m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:00 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संविधान की भावना के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा विकास : डॉ. अलका गुर्जर

khaskhabar.com: शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026 4:51 PM (IST)
संविधान की भावना के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा विकास : डॉ. अलका गुर्जर
नारायणी देवी महिला महाविद्यालय में संविधान गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर विचार गोष्ठी आयोजित, राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर रहीं मुख्य अतिथि बहरोड़। श्रीमती नारायणी देवी महिला महाविद्यालय, बहरोड़ में शुक्रवार को संविधान विचार गोष्ठी का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर उपस्थित रहीं तथा अध्यक्षता क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख महावीर कुमावत ने की। गोष्ठी में छात्राओं, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। मुख्य अतिथि डॉ. अलका गुर्जर ने अपने उद्बोधन में संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता एवं समावेशी विकास पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन एवं प्रधानमंत्री जनधन योजना जैसी जनकल्याणकारी पहलें संविधान की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने छात्राओं से संविधान के मूल आदर्शों, अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख महावीर कुमावत ने संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, निर्माण प्रक्रिया, लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीलम यादव ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों का दायित्व विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ संवैधानिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना भी है। NSS के माध्यम से छात्राओं में सेवा भाव, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित होती है।
इस अवसर पर जिला प्रचारक कुलदीप, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा हीरालाल रावत, बस्तीराम यादव, महेन्द्र यादव, उमेश शर्मा, वेद कृष्णा पूर्व सरपंच, धर्मवीर यादव मास्टर, हरिसिंह, डॉ अशोक मिश्रा एवं सुरेन्द्र चौधरी महामंत्री सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गोष्ठी में छात्राओं ने मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर सहभागिता की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा NSS स्वयंसेविकाएं भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का मूल संदेश रहा कि संविधान के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना, अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास के अवसर पहुंचाना ही सशक्त एवं समावेशी लोकतंत्र की वास्तविक आधारशिला है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement