नूंह। मेवात। अभी गरमियों की शुरुआत हुई भी नहीं हुई है कि अभी से पेयजल को लेकर किल्लत गहराने लगी है। जन स्वास्थ्य विभाग भले ही पानी मुहैया कराने के लाख दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत बेहतर नहीं है और लोग पानी के लिए त्राहिमाम कर रहे हैं। सैंकड़ों तालाब सूखे पड़े हैं और नहरों को पानी का इंतजार है। जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता फैसल इब्राहिम ने कहा कि गांवों से लेकर शहरी क्षेत्र को पेयजल उपलब्ध कराने की योजना है। ट्यूबवैल कनेक्शन योजना से पानी शहरी क्षेत्रों को दिया जा रहा है। नूंह शहर को नूरपुर परियोजना से तो फिरोजपुर झिरका को अरावली परियोजना से पानी दिया जाएगा। उन्होंने माना कि अभी भी ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की किल्लत है। जिन गांवों में पानी की कमी है, उन गांवों में पानी के टैंकर से पानी सप्लाई किया जायेगा। फैसल इब्राहिम के मुताबिक पानी की कमी नहीं रहेगी। खास बात तो यह है कि बेजुबान मवेशी तालाब सूखे होने की वजह से कैसे गर्मी का मुकाबला कर पाएंगे। जिले में कई नहर और तालाब तो ऐसे हैं, जिनकी खुद की प्यास कई दशक से नहीं बुझ पाई है।